राकेश झुनझुनवाला के सपोर्ट वाली Star Health के शेयरों में रिकवरी शुरू, आज हुई थी कमजोर लिस्टिंग

बाजार में आज की कमजोर लिस्टिंग के बावजूद राकेश झुनझुनवाला इसके शेयरों को लेकर आशावादी हैं

अपडेटेड Dec 10, 2021 पर 2:45 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Star Health के शेयरों की लिस्टिंग 10 दिसंबर को इश्यू प्राइस से 6% नीचे हुई

Star Health Share Price: जाने-माने निवेशक राकेश झुनझुनवाला के निवेश वाली कंपनी Star Health के शेयरों की आज यानी 10 दिसंबर को लिस्टिंग से निवेशकों को काफी निराशा हुई। हालांकि दोपहर से कंपनी के शेयरों में रिकवरी शुरू हुई। शुक्रवार 10 दिसंबर को कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग इश्यू प्राइस से 6% नीचे हुई थी। हालांकि दोपहर 12.45 पर इसके शेयर बढ़कर 940 रुपए पर ट्रेड करने लगे। यह इश्यू प्राइस से 4.4% ज्यादा है।

Star Health के शेयर BSE पर 848 रुपए पर लिस्ट हुए हैं जबकि इश्यू प्राइस 900 रुपए था। वहीं NSE पर कंपनी के शेयर 845 रुपए पर लिस्ट हुए हैं। कंपनी का इश्यू 30 नवंबर को खुला और 2 दिसंबर को बंद हुआ था। राकेश झुनझुनवाला का निवेश होने के कारण कई एक्सपर्ट्स ने इसमें निवेश करने की सलाह दी थी।

Star Health में राकेश झुनझुनवाला और वेस्टब्रिज कैपिटल जैसे निवेशकों की हिस्सेदारी है। बाजार में आज की कमजोर लिस्टिंग के बावजूद राकेश झुनझुनवाला इसके शेयरों को लेकर आशावादी हैं। झुनझुनवाला ने कहा, “भारत में हेल्थ इंश्योरेंस की बात करें तो भारत में सेहत पर होने वाले खर्च में इसकी हिस्सेदारी लगभग 15 फीसदी या उससे भी कम है, जबकि 80 फीसदी से ज्यादा भुगतान बीमा कंपनियां कर रही हैं। इसलिए भारत में यह अभी शुरुआती दौर में है।”


Rakesh Jhunjhunwala को Star Health के मैनेजमेंट पर पूरा भरोसा, कहा- इसीलिए नहीं बेचा मैंने एक भी शेयर

राकेश झुनझुनवाला ने कहा, “भारत के रिटेल हेल्थ इंश्योरेंस में 31 फीसदी मार्केट शेयर के साथ स्टारहेल्थ की अच्छी पैठ है। मुझे लगता है कि इंडस्ट्री में किसी की इस तरह की पैठ कम ही देखने को मिलती है, जो लगातार बढ़ रही है। इसलिए, मैं इसको लेकर आशावादी रहूंगा। यही वजह है कि मैंने इस इश्यू में एक भी शेयर नहीं बेचा है।”

झुनझुनवाला का मानना है कि इंश्योरेंस कंपनी के प्रमोटर को एक बड़ी भूमिका निभानी है। उन्होंने कहा, “एक इंश्योरेंस कंपनी के प्रमोटर के रूप में, मैं इसमें पर्याप्त पूंजी बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हूं। इसलिए, एक इंश्योरेंस कंपनी का प्रमोटर होने के नाते, एक सामान्य प्रमोटर से खासी ज्यादा हो जाती है।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।