Stock Market : क्या वर्तमान में शेयर बाजार में जारी गिरावट बुल मार्केट का महज एक पड़ाव है? या हम मंदी के बाजार (bear market) के एक किनारे पर खड़े हैं? यह बहस एक हाथी और छह अंधे लोगों की कहानी की याद दिलाती है, जो हाथी के आकार का अंदाजा लगाने की कोशिश करते हैं। स्टॉक मार्केट एक्सपर्ट विजय केडिया ने इकोनॉमिक टाइम्स के लिए लिखे लेख में यह बात कही।
केडिया ने कहा, कोई नहीं जानता कि बुल और बियर मार्केट क्या हैं। हर कोई अपनी पोजिशंस और अपने पोर्टफोलियो के प्रदर्शन के आधार पर इसका वर्णन करता है।
कुछ ब्लूचिप्स हाल के हाई से 20-25 फीसदी नीचे
उदाहरण के लिए, कुछ ब्लूचिप अपने हाल के उच्चतम स्तरों से 20-25 फीसदी टूट चुके हैं। यहां तक कि अच्छी सीमेंट कंपनियों के शेयर भी अपने हाल के हाई से 20-30 फीसदी नीचे हैं। जिनकी ऐसे स्टॉक्स में पोजिशंस हैं, वे सोच रहे होंगे कि यह एक सामान्य बुल मार्केट है जहां 20-30 फीसदी की प्रतिक्रिया सामान्य बात है।
मिड और स्मालकैप सेगमेंट में, ऐसे कई स्टॉक्स हैं जो 50 से 70 फीसदी तक टूट चुके हैं। यदि आपने इन शेयरों में निवेश किया है तो आपके लिए 2008 के मंदी से कम हालत नहीं होगी जो लेहमन ब्रदर्स क्राइसिस (Lehman Brothers crisis) के बाद शुरू हुई थी।
न्यू एज स्टॉक्स 80 फीसदी तक टूटे
वाल स्ट्रीट पर न्यू एज स्टॉक्स 80 फीसदी तक टूट चुके हैं। उनमें से कई अगले 5-10 साल में हाल के हाई नहीं छू पाएंगे और कुछ मामलों में कभी नहीं।
अगर आप मिडकैप्स के इनवेस्टर हैं तो आपको लगेगा कि आप पहले से बियर मार्केट में है, जो 4-6 महीने पुराना है। आप देखेंगे कि बीएसई 500 (BSE500) में कई शेयरों की लॉट 50 फीसदी तक नीचे मिल रही है।
स्टॉक्स को देखिए, फिर पोजिशन लीजिए
केडिया ने कहा, अगर आप बुल मार्केट (bull market) या बियर मार्केट (bear market) की टाइमिंग के बारे में सोच रहे हैं तो आप सिर्फ अपना समय खराब कर रहे हैं। स्टॉक्स को देखिए और उसके आधार पर अपनी पोजिशन लीजिए। कंपनी की ग्रोथ की संभावनाओं पर नजर डालिए, जिनमें आप निवेश कर रहे हैं। किसी भी कीमत पर सनसेट सेक्टर्स (sunset sectors) से दूर रहें और किसी भी कीमत पर सनराइस सेक्टर्स (sunrise sectors) में बने रहें।
बाजार के एक हिस्से में बना रहता है बुल मार्केट
ध्यान रखिए कि सूरज, धरती पर किसी न किसी स्थान पर चमकता रहता है, उसी तरह स्टॉक मार्केट के किसी हिस्से में बुल मार्केट बना रह सकता है। मार्केट समुद्र की तरह बड़ा है और एक हिस्से में उथल-पुथल है, लेकिन दूसरा हिस्सा शांत है।
इस प्रकार, यह न तो बियर मार्केट है, न ही बुल मार्केट है। यह सिर्फ स्टॉक मार्केट है।