टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (Tata Consultancy Services) के प्रोमोटर टाटा संस (Tata Sons) ने इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की दिग्गज कंपनी की हाल ही में समाप्त शेयर बायबैक योजना (share buyback plan) में कंपनी के 2.48 करोड़ शेयर बेचे। इस तरह टाटा संस ने टीसीएस में अपनी 0.7% हिस्सेदारी बेच दी है। कंपनी द्वारा किये गये खुलासे में ये जानकारी मिली है।
TCS के हालिया शेयर बायबैक में निवेशकों की रिकॉर्ड भागीदारी देखी गई और कंपनी ने अपने शेयरधारकों से बायबैक के लिए प्रस्तावित शेयरों से सात गुना से ज्यादा शेयर बायबैक के लिए प्राप्त हुए।
कंपनी ने शेयरधारकों से 4,500 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 4 करोड़ शेयर खरीदने की पेशकश की थी, ये भाव शेयर के बाजार मूल्य के लिए एक महत्वपूर्ण प्रीमियम भाव था।
Tata Sons ने अपने शेयरों को बेचकर करीब 11,164 करोड़ रुपये की कमाई की। Tata Sons द्वारा एयर इंडिया (Air India) और उसके अन्य डिजिटल उपक्रमों में हाल ही में किये निवेश के बाद टीसीएस के शेयर्स बेचने से मिली हुई राशि टाटा संस के कारोबार के लिए अहम होगी।
टीसीएस के प्रमोटर समूह की कंपनी टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन (Tata Investment Corporation) ने भी शेयर बायबैक के जरिए आईटी कंपनी के 9,513 शेयर बेचे हैं।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (National Stock Exchange) में सुबह 10:10 बजे TCS के शेयर 0.1 प्रतिशत की तेजी के साथ 3,736.5 रुपये पर कारोबार कर रहे थे। टीसीएस का 52 हफ्ते का उच्च स्तर 4043 रुपये रहा है जबकि इसका 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर 3004 रुपये रहा है। आज इंट्रा डे में अब तक ये 3732.50 रुपये का लो और 3754. 65 रुपये का हाई लगा चुका है।
बता दें कि भारत की सबसे बड़ी आईटी कंपनी Tata Consultancy Services (TCS) ने 9 मार्च को बाजार में अपना चौथा बायबैक ऑफर पेश किया था। यह बायबैक ऑफर 23 मार्च को बंद हुआ। बीएसई की वेबसाइट पर 22 मार्च शाम 4 बजे तक के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक शेयर धारकों ने इस बायबैक मे कुल 22 करोड़ शेयर टेंडर किए थे।
आईटी कंपनी ने कहा था कि इस ऑफर के तहत कंपनी 4 करोड़ शेयर या करीब 1.1 प्रतिशत इक्विटी की खरीदारी 4,500 रुपये प्रति शेयर के प्रीमियम भाव पर करेगी जो कि 22 मार्च के 3701 रुपये के क्लोजिंग प्राइस से करीब 21 प्रतिशत ज्यादा था। टीसीएस का 18,000 करोड़ रुपये का यह बायबैक ऑफर देश में किसी आईटी कंपनी द्वारा लाया गया अब तक का सबसे बड़ा बायबैक ऑफर साबित हुआ है।