टेलीकॉम कंपनियों और VSAT सर्विस प्रोवाइडर्स को नए साल में न्यू ईयर गिफ्ट मिल सकता है। नये साल यानी कि सन 2022 में टेलीकॉम कंपनियों और VSAT सर्विस प्रोवाइडर्स को सैटलाइट ब्रॉडबैंड सेवाएं देने का मौका मिल सकता है। सीएनबीसी-आवाज़ को सूत्रों से जानकारी मिली है कि डिजिटल कम्युनिकेशन कमीशन (Digital Communication Commission) 31 दिसंबर को ट्राई (TRAI) की सिफारिशों को हरी झंडी दे सकता है।
सूत्रों के अनुसार IoT और low Bit rate applications सेवाओं को हरी झंडी मिलेगी। इस संबंध में फैसला करने के लिए डिजिटल कम्युनिकेशन कमीशन की बैठक इस साल के अंतिम दिन 31 दिसंबर को होने वाली है। जिसमें माना जा रहा है टेलीकॉम कंपनियों और VSAT सर्विस प्रोवाइडर को सैटेलाइट ब्रॉडबैंड सेवा उपलब्ध कराने की अनुमति प्रदान की जायेगी। इसके लिए ट्राई ने 26 अगस्त को अपनी सिफारिशें भेजी थी।
हालांकि सेवाएं के लिए मौजूदा लाइसेंस की शर्तों में बदलाव होगा। वहीं डिजिटल कम्युनिकेशन कमीशन द्वारा ये फैसला किया गया तो इससे Bharti Airtel, Hughes Communications, Nelco, Tata Communications जैसी कंपनियों को फायदा होगा। इन जैसी कंपनियों को सेवाएं देने के लिए सिंगल विंडो अप्रूवल मिलेगा।
इतना ही नहीं DCC अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग लाइसेंस देने की सिफारिशों को भी हरी झंडी दे सकता है। जबकि ट्राई ने नेटवर्क सर्विस प्रोवाइडर के लिए अलग से लाइसेंस देने की सिफारिश की थी। इस फैसले से इंडस टावर और दूसरी टावर कंपनियों को भी फायदा होता दिखाई देगा।