Multibagger Shares: कैसे खोजें 100 गुना रिटर्न देने वाला स्टॉक? एक्सपर्ट्स के बताए इन 6 प्वाइंट्स में छिपा है राज

100 गुना रिटर्न वाला शेयर कैसे खोजें? ICICI सिक्योरिटीज ने इस मुश्किल को कुछ आसान करने की कोशिश की है। ब्रोकरेज ने पिछले 20 सालों में जितने भी 100 गुना या उससे अधिक रिटर्न देने वाले शेयर हैं, उनकी स्टडी की है। इस स्टडी में उसने 6 ऐसी खासियतें पता की है, जो 100 गुना रिटर्न देने वाले यानी 100 बैगर शेयरों में होते हैं

अपडेटेड Sep 25, 2023 पर 11:12 PM
100 गुना रिटर्न पर 1 लाख रुपये की कीमत बढ़कर 1 करोड़ हो जाती है

How to find Multibagger Shares: 100 गुना रिटर्न वाला शेयर कैसे खोजें? हर निवेशक का सपना होता है कि उसके पोर्टफोलियो में कम से कम एक शेयर ऐसा जरूर हो, जो उसे 100 गुना या उससे भी ज्यादा का रिटर्न दे। 100 गुना रिटर्न पर 1 लाख रुपये की कीमत बढ़कर 1 करोड़ हो जाती है। इतना रिटर्न लोगों की किस्मत बदल सकता है। लेकिन ऐसा शेयर खोजना आसान नहीं आता है। हालांकि ICICI सिक्योरिटीज ने इस मुश्किल को कुछ आसान करने की एक कोशिश की है। ब्रोकरेज ने पिछले 20 सालों में जितने भी 100 गुना या उससे अधिक रिटर्न देने वाले शेयर हैं, उनकी स्टडी की है। इस स्टडी में उसने 6 ऐसी खासियतें पता की है, जो सभी 100 गुना रिटर्न देने वाले यानी 100 बैगर शेयरों में कॉमन होती हैं।

पिछले 20 सालों में जिन सेक्टर्स में हमें 100 गुना रिटर्न देने वाले शेयर दिखे हैं, उनमें पारंपरिक मैन्युफैक्चरिंग, केमिकल, सीमेंट, बिल्डिंग मैटेरियल, होम अप्लांयस, कैपिटल गुड्स, इंजीनियरिंग, फार्मा और कुछ फाइनेंशियल और रेटिंग एजेंसियां शामिल हैं। ICICI सिक्योरिटीज ने कहा कि इन सभी 100 बैगर शेयरों में 6 चीजें एक जैसी थीं, जिसे किसी भी निवेशकों को ध्यान रखनी चाहिए।

1. केंद्रित बिजनेस मॉडल

ICICI सिक्योरिटीज ने जितने भी मल्टीबैगर शेयरों की स्टडी की, पाया कि उन सभी का बिजनेस मॉडल पूरी तरह एक चीज पर फोकस्ड था। जो इन शेयरों की सबसे बड़ी खासियत थी। कोई भी कंपनी ऐसी नहीं थी, जो डायवर्सिफाई यानी एक साथ कई बिजनेसों पर फोकस करती हो। सबका ध्यान अपने कोर बिजनेस पर था। यह बताता है कि इन कंपनियों के मैनेजमेंट की क्वालिटी और उनकी बिजनेस रणनीति कितनी क्लीयर थी।


2. वैल्यू बनाने वाली ग्रोथ

इन शेयरों की दूसरी खासियत थी कि इन सभी का अर्निंग ग्रोथ और रिटर्न ऑन इक्लिटी (RoE) हमेशा इक्विटी की लागत अधिक से रहा है। ICICI सिक्योरिटीज ने कहा कि यह चीज फिर से कंपनी के शानदार मैनजमेंट क्वालिटी की ओर इशारा करती है और यह बताती है कि इन्होंने अपना कैपिटल एलोकेशन यानी पूंजी आवंटन कितना सोच-समझकर किया है।

3. मजूबत कैश फ्लो

100 गुना रिटर्न देने वाली सभी कंपनियों की क्वालिटी रही है कि उनकी कुल 'ऑपरेटिंग कैश फ्लो' पिछले 20 सालों में उनके कुल कैपिटल एक्सपेंडिचर से अधिक रहा है। यानी इन कंपनियों के पास हमेशा अतिरिक्त कैश बना रहा है। यह किसी कंपनी के बिजनेस के अच्छी क्वालिटी होने का संकेत देता है।

यह भी पढ़ें- Share Market: शेयर बाजार की गिरावट पर लगा ब्रेक, निवेशकों ने ₹22,000 करोड़ कमाया

4. सस्ते वैल्यूएशन पर पकड़ें

चौथा चीज है पीई रेशियो। अगर आप धमाकेदार रिटर्न चाहते हैं तो सस्ते वैल्यूएशन से शुरुआत करना सही है। एक गुजराती कहावत है 'भाव भगवान छे' यानी भाव ही भगवान है। 100 बैगर्स शेयरों की स्टडी में यही बात निकलकर सामने आती है। 20 साल पहले इन 100 बैगर्स शेयरों की औसत प्राइस-टु-अर्निंग यानी पीई रेशियो 11 का था, जो अब करीब 55 गुना पर है। इस दौरान इन कंपनियों की औसत अर्निंग 19 फीसदी CAGR और 28 फीसदी CGAR की दर से बढ़ा है।

5. नैरेटिव के पीछे न भागें

पांचवा बिंदु हैं कि ठोस बिजनेस पर ध्यान दें, नैरेटिव पर नहीं। आज हमारे सामने जोमैटो और पेटीएम जैसी कई नए जमाने की टेक कंपनियां है। इसी तरह साल 2000 की शुरुआत में टेलीकॉम, मीडिया और टेक्नोलॉजी शेयरों का हौव्वा था, जिनमें आगे काफी ग्रोथ की संभावनाएं जताएं जा रही थीं। लेकिन इनमें से कोई 100 गुना रिटर्न देने वाली लिस्ट में जगह नहीं बना सका। इससे यह पता चलता है कि हाई ग्रोथ को लेकर दिखाए जा रहे सपने हमेशा सच नहीं होते हैं।

6. कर्ज से दूरी

ICICI सिक्योरिटीज ने कहा कि इन 100-बैगर्स कंपनियों ने हमेशा खुद को कर्ज के बोझ तले दबने से बचाया है। उन्होंने हमेशा अपने कर्ज को करने के लिए भी बेजोड़ मेहनत की है। इसके अलावा इनमें से अधिकतम शेयर ऐसे सेक्टर्स से आते थे, जिनके रेगुलेशन नहीं था। तो अगर आपको भी ये 6 चीजें किसी स्टॉक्स में दिख रही हैं, तो आपको जरूर उस स्टॉक्स पर ध्यान देना चाहिए।

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।