HRS Aluglaze IPO Listing: हर लॉट पर ₹43,560 की बारिश, लिस्ट होते ही अपर सर्किट पर पहुंचा ₹96 का शेयर

HRS Aluglaze IPO Listing: एचआरएस एलुग्लेज खिड़कियों, दरवाजे, कर्टन वॉल, क्लैडिंग और ग्लेजिंग सिस्टम के एलुमिनियम प्रोडक्ट्स के डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग औऱ इंस्टॉलेशन के काम में है। अब इसके शेयर लिस्ट हुए हैं और आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था। आईपीओ के तहत सिर्फ नए शेयर जारी हुए हैं। चेक करें कंपनी की कारोबारी सेहत कैसी है और आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कैसे करेगी?

अपडेटेड Dec 18, 2025 पर 4:24 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
HRS Aluglaze IPO Listing: एचआरएस अलुग्लेज का ₹50.92 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 11-15 दिसंबर तक खुला था। आज इसके शेयरों की लिस्टिंग हुई है।

HRS Aluglaze IPO Listing: बिल्डर्स, कॉन्ट्रैक्टर्स, आर्किटेक्ट्स और इंस्टीट्यूशंस को एलुमिनियम प्रोडक्ट्स सप्लाई करने वाली एचआरएस एलुग्लेज के शेयरों की आज BSE SME पर धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 44 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹96 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹126.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 31.25% का लिस्टिंग गेन (HRS Aluglaze Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹132.30 (HRS Aluglaze Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी पर यह बंद भी हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 37.81% मुनाफे में हैं।

HRS Aluglaze IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

एचआरएस अलुग्लेज का ₹50.92 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 11-15 दिसंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 44.83 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 19.48 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 82.13 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 49.54 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 53.04 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹18.30 करोड़ अहमदाबाद के राजोडा में एसेंबली और ग्लेजिंग लाइन के सेटअप, ₹19.00 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।


HRS Aluglaze के बारे में

वर्ष 2012 में बनी एचआरएस एलुग्लेज खिड़कियों, दरवाजे, कर्टन वॉल, क्लैडिंग और ग्लेजिंग सिस्टम के एलुमिनियम प्रोडक्ट्स के डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग औऱ इंस्टॉलेशन के काम में है। कंपनी बिल्डर्स, कॉन्ट्रैक्टर्स, आर्किटेक्ट्स और इंस्टीट्यूशंस को मैटेरियल्स की सप्लाई और प्रोक्यूरमेंट सपोर्ट जैसी सर्विसेज मुहैया कराती है। इसकी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी गुजरात के अहमदाबाद के राजोडा गांव में स्थित है। कंपनी इससे जुड़ी एक और फैसिलिटी भी तैयार कर रही है।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹87 लाख का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹1.79 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹5.15 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम सालाना 36% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹42.14 करोड़ पर पहुंच गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2025 में कंपनी को ₹4.54 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹26.35 करोड़ की टोटल इनकम हासिल हो चुकी है। सितंबर 2025 के आखिरी में कंपनी पर ₹41.04 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹10.66 करोड़ पड़े थे।

Pajson Agro IPO Listing: 5% प्रीमियम पर लिस्ट हुआ ₹118 का शेयर, नई एंट्री से पहले चेक करें काजू कंपनी की सेहत

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।