Tata Steel Share Price: 27% तक चढ़ेगा टाटा ग्रुप की कंपनी का शेयर! HSBC को उम्मीद; टारगेट प्राइस बढ़ाया

Tata Steel: टाटा स्टील के प्रमुख बाजारों में अब कई वर्षों के लिए आयात सुरक्षा उपाय लागू हो गए हैं। इसके चलते ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2027-2028 के लिए टाटा स्टील की कमाई के अनुमानों में 5% से 14% तक की बढ़ोतरी की है

अपडेटेड Mar 20, 2026 पर 4:37 PM
Tata Steel के शेयर को 36 एनालिस्ट कवर करते हैं।

ब्रोकरेज फर्म HSBC, टाटा स्टील के शेयर पर बुलिश बनी हुई है। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग दोहराई है। साथ ही प्राइस टारगेट ₹235 से बढ़ाकर ₹250 प्रति शेयर कर दिया है। नया टारगेट प्राइस शेयर की क्लोजिंग से 27 प्रतिशत ज्यादा है। UK ने हाल ही में आयात सुरक्षा उपायों की घोषणा की है। इसके तहत 50 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया गया है और आयात कोटा में भारी कटौती की गई है। इसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर स्टील की अतिरिक्त क्षमता (overcapacity) को लेकर जताई जा रही चिंताओं के बीच UK के स्टील सेक्टर के भविष्य को सुरक्षित करना है।

रिपोर्टों के अनुसार, UK में विदेशों से आने वाले कई स्टील उत्पादों के आयात पर कोटा में 60 प्रतिशत तक की कटौती की जाएगी। UK की ओर से ये उपाय ऐसे समय में घोषित किए हैं, जब यूरोपीय संघ ने घोषणा की है कि वह आयातित स्टील पर उसकी उत्सर्जन तीव्रता (emissions intensity) के आधार पर 'कार्बन प्राइस' लगाएगा। यह व्यवस्था इस साल 1 जनवरी से पूरी तरह लागू हो गई है। इसके दायरे में कच्चा माल (एग्लोमरेटेड आयरन ओर), पिग आयरन, फेरो-अलॉय और तैयार स्टील उत्पाद शामिल हैं।

भारत सरकार ने भी सस्ते आयात में अचानक हुई बढ़ोतरी को रोकने के लिए, विशेष रूप से चीन, वियतनाम और नेपाल से आने वाले कुछ खास 'फ्लैट स्टील' उत्पादों पर 3 साल की अवधि के लिए 'सेफगार्ड ड्यूटी' पहले ही लगा दी है।


ब्रोकरेज ने बढ़ाए Tata Steel की कमाई के अनुमान

HSBC के अनुसार, टाटा स्टील के प्रमुख बाजारों में अब कई वर्षों के लिए आयात सुरक्षा उपाय लागू हो गए हैं। इसके चलते ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2027-2028 के लिए टाटा स्टील की कमाई के अनुमानों में 5% से 14% तक की बढ़ोतरी की है। HSBC के मुताबिक, हालांकि भारत में कंपनी के कारोबार को लेकर निकट भविष्य में मांग से जुड़ी कुछ चिंताएं हैं। लेकिन वित्त वर्ष 2027-2028 के दौरान इसके मार्जिन और कीमतें ऊंचे स्तर पर रहने की उम्मीद है। HSBC ने यह भी कहा कि अब जब स्टील सेक्टर को घरेलू स्तर पर सुरक्षा मिल गई है, तो अगला सकारात्मक घटनाक्रम चीन द्वारा निर्यात में कटौती या उत्पादन में कमी करना होगा।

शेयर में दिखी 5 प्रतिशत तक तेजी

टाटा स्टील के शेयर को 36 एनालिस्ट कवर करते हैं। इनमें से 23 ने इसे "बाय" रेटिंग दी है। 7 ने "होल्ड" की सलाह दी है, जबकि 6 एनालिस्ट्स ने "सेल" रेटिंग दी है। 20 मार्च को शेयर में तेजी है। BSE पर कीमत पिछले बंद भाव से 4.6 प्रतिशत तक चढ़कर 199.40 रुपये के हाई तक गई। बाद में शेयर 3 प्रतिशत बढ़त के साथ 196.70 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 2.45 लाख करोड़ रुपये हो गया है। शेयर 3 महीनों में 16 प्रतिशत चढ़ा है।

अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में टाटा स्टील का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर कई गुना बढ़कर 2,730.37 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 295.49 करोड़ रुपये था। कुल इनकम बढ़कर 57,503.49 करोड़ रुपये हो गई, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 53,869.33 करोड़ रुपये थी।

Innovision IPO की लिस्टिंग टली, अब 23 मार्च को शेयर बाजार में होगी एंट्री; ग्रे मार्केट में डिस्काउंट पर ट्रेड कर रहा शेयर

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।