शुक्रवार, 20 मार्च को मेनबोर्ड सेगमेंट में इनोविजन की लिस्टिंग होने वाली थी। लेकिन यह आगे बढ़ गई है। अब कंपनी के शेयर BSE और NSE पर 23 मार्च को शुरुआत कर सकते हैं। इससे पहले कंपनी के IPO की क्लोजिंग डेट भी आगे बढ़ी थी। यह 10 मार्च को खुला था। पहले यह 12 मार्च को बंद होने वाला था और लिस्टिंग 17 मार्च को होने वाली थी। लेकिन फिर निवेशकों की ओर से ठंडे रिस्पॉन्स के चलते कंपनी ने क्लोजिंग डेट को बढ़ाकर 17 मार्च कर दिया। इसके चलते लिस्टिंग की डेट 20 मार्च हो गई। लेकिन अब यह एक बार फिर आगे बढ़ गई है।
कंपनी ने बोली लगाने के लिए प्राइस बैंड भी घटाया था। पहले यह ₹521-₹548 प्रति शेयर था। फिर इसे कम करके ₹494-₹519 प्रति शेयर कर दिया गया। IPO में 255 करोड़ रुपये के 49 लाख नए शेयर जारी हुए। साथ ही 64.25 करोड़ रुपये के 12 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल रहा।
Innovision का शेयर ग्रे मार्केट में डिस्काउंट पर ट्रेड कर रहा है। इसलिए अनुमान है कि लिस्टिंग घाटे में हो सकती है। लेकिन ऐसा होगा ही, यह जरूरी नहीं है। इनोविजन IPO को कुल 3.46 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 14.30 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 8.60 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 0.60 गुना भरा।
Innovision Limited पूरे भारत में अपने क्लाइंट्स को मैनपावर सर्विसेज, टोल प्लाजा मैनेजमेंट और कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराती है। कंपनी के पूरे भारत में 35 ऑफिस हैं। 15 जनवरी, 2026 तक कंपनी भारत के 23 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों में ऑपरेशनल थी। इसके प्रमोटर लेफ्टिनेंट कर्नल रणदीप हुंडल और उदय पाल सिंह हैं।
IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
कंपनी अपने IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल कर्ज को कुछ हद तक या पूरी तरह चुकाने के लिए, वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। वित्तीय सेहत की बात करें तो अप्रैल-सितंबर 2025 के दौरान Innovision की कुल इनकम 483.10 करोड़ रुपये रही। शुद्ध मुनाफा 20 करोड़ रुपये रहा। इस बीच कंपनी पर 112.39 करोड़ रुपये की उधारी थी। वित्त वर्ष 2025 के दौरान कुल इनकम 895.95 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 29 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।