ICICI प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी (ICICI Pru AMC) के शेयरों में 27 अगस्त को शुरुआती कारोबार में लगभग 5 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली। BSE पर शेयर 3,064.55 रुपये के लो तक गया। खबर है कि ब्लॉक डील विंडो में कंपनी के 99.2 लाख शेयरों की बिक्री हुई है। ये शेयर कंपनी की इक्विटी के लगभग 2 प्रतिशत के बराबर हैं। इस सौदे में प्रमोटर 'प्रूडेंशियल कॉर्पोरेशन होल्डिंग्स' विक्रेता रही।
ICICI Pru AMC ने 26 अगस्त को शेयर बाजारों को बताया था कि उसके प्रमोटर्स में से एक 'प्रूडेंशियल कॉर्पोरेशन होल्डिंग्स, कंपनी की इक्विटी का 2 प्रतिशत तक हिस्सा बेचना चाहती है। वह ऐसा मिनिमम पब्लिक शेयरहोल्डिंग नियमों का पालन करने के लिए कर रही है। ट्रांजेक्शन के तहत 9,885,169 इक्विटी शेयरों की बिक्री की बात कही गई थी।
ICICI Pru AMC में 21 अगस्त 2026 तक प्रमोटर्स और प्रमोटर ग्रुप के मेंबर्स के पास 87.60 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। ICICI प्रूडेंशियल AMC की शुरुआत 1998 में हुई थी। यह दिसंबर 2025 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई। इसका IPO 10,602.65 करोड़ रुपये का था। कंपनी ICICI Bank और प्रूडेंशियल कॉरपोरेशन होल्डिंग्स का जॉइंट वेंचर है। प्रूडेंशियल कॉरपोरेशन होल्डिंग्स, ब्रिटेन की प्रूडेंशियल पीएलसी की सब्सिडियरी है।
ICICI Pru AMC का शेयर इस साल अब तक 18 प्रतिशत मजबूत
ICICI Pru AMC का शेयर साल 2026 में अब तक 18 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी का मार्केट कैप 1.54 लाख करोड़ रुपये के करीब है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। 3 महीनों में कीमत 10 प्रतिशत नीचे आई है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 3,609.85 रुपये और एडजस्टेड लो 2,528.90 रुपये है। HSBC ने शेयर पर 'बाय' रेटिंग दी है। टारगेट प्राइस 3,800 रुपये प्रति शेयर रखा है। CLSA ने 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग के साथ 3,650 रुपये का टारगेट दिया है।
कंपनी का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 1,564.22 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध मुनाफा 964.63 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग 19.52 करोड़ रुपये दर्ज की गई। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 5,764.63 करोड़ रुपये, शुद्ध मुनाफा 3,298.26 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग 66.73 करोड़ रुपये रही।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।