IIFL Capital Services Stock Price: IIFL कैपिटल सर्विसेज के शेयरों में 24 मार्च को दिन में 15 प्रतिशत तक की तेजी आई और BSE पर कीमत 253.25 रुपये के हाई तक गई। कारोबार बंद होने पर शेयर 9.5 प्रतिशत बढ़त के साथ 240.50 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि उसके टॉप मैनेजमेंट में बदलाव हुए हैं। इसके तहत नेमकुमार एच ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और बोर्ड मेंबर के पद से इस्तीफा दे दिया है, ताकि वह पूरी तरह से बिजनेस डेवलपमेंट पर फोकस कर सकें। उन्हें चीफ डेवलपमेंट ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
कंपनी ने बयान में कहा है कि नेमकुमार ने जून 2007 में IIFL को जॉइन किया था। वह इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज (IE) बिजनेस के फाउंडिंग मेंबर हैं। IIFL के IE बिजनेस में मुख्य रूप से इंस्टीट्यूशनल ब्रोकिंग और इनवेस्टमेंट बैंकिंग शामिल है। यह बिजनेस पिछले कुछ वर्षों में काफी आगे बढ़ गया है।
अब आर. वेंकटरमन हैं मैनेजिंग डायरेक्टर
IIFL Capital Services में आर. वेंकटरमन को अब मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति 22 मार्च 2025 से प्रभावी है और वह अगले 5 सालों तक इस पोजिशन पर रहेंगे। आर. वेंकटरमन IIFL Group के को-प्रमोटर हैं। इसके अलावा इंडिपेंडेंट डायरेक्टर रेखा वारियर को बोर्ड का चेयरपर्सन बनाया गया है। रेखा इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के तौर पर कंपनी के साथ 2019 से जुड़ी हुई हैं।
शेयर की कीमत एक साल में डबल
IIFL Capital Services का मार्केट कैप 7400 करोड़ रुपये है। कंपनी में दिसंबर 2024 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 30.71 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर एक साल में निवेशकों का पैसा डबल कर चुका है। वहीं केवल एक सप्ताह में कीमत 23 प्रतिशत उछली है। हालांकि साल 2025 में अब तक यह 28 प्रतिशत नीचे आया है। अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 516.86 करोड़ रुपये रहा था। इस दौरान शुद्ध मुनाफा 169.55 करोड़ रुपये और अर्निंग्स प्रति शेयर 5.50 करोड़ रुपये दर्ज की गई।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।