Manappuram Finance Stock Price: 24 मार्च को NBFC मणप्पुरम फाइनेंस के शेयरों में लगातार 8वें कारोबारी दिन तेजी दिखी। दिन में शेयर 4 प्रतिशत तक की तेजी के साथ BSE पर 243.65 रुपये के हाई तक गया। कारोबार बंद होने पर शेयर 2.5 प्रतिशत बढ़त के साथ 240.25 रुपये पर सेटल हुआ। 8 सेशंस में शेयर लगभग 20 प्रतिशत मजबूत हुआ है। मणप्पुरम फाइनेंस के शेयर में लगातार आ रही तेजी की वजह ब्रोकरेज का इस पर बुलिश होना है। हाल ही में कंपनी ने कहा था कि नामी ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी फर्म बेन कैपिटल, मणप्पुरम फाइनेंस में 4,385 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। बदले में बेन कैपिटल शेयर और वॉरंट के जरिए 18 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगी। साथ ही जॉइंट प्रमोटर बन जाएगी।
इसके बाद ब्रोकरेजेस ने शेयर के लिए रेटिंग और टारगेट प्राइस जारी किए। ICICI Securities ने 260 रुपये प्रति शेयर के टारगेट प्राइस के साथ स्टॉक पर 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। इस बीच मोतीलाल ओसवाल ने मणप्पुरम फाइनेंस के शेयरों पर 'न्यूट्रल' रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस 240 रुपये प्रति शेयर दिया है। हालांकि, IDBI कैपिटल मार्केट्स ने स्टॉक के लिए अपनी रेटिंग बढ़ाकर 'बाय' कर दी है और नया टारगेट प्राइस 252 रुपये प्रति शेयर रखा है। ब्रोकरेज ने कहा कि उसका मानना है कि मणप्पुरम माइक्रोफाइनेंस कारोबार में चुनौतियों का सामना करते हुए गोल्ड लोन उद्योग में खोई हुई अपनी कुछ पैठ वापस पा सकती है।
एलारा सिक्योरिटीज ने बेन कैपिटल के साथ डील को मणप्पुरम फाइनेंस के लिए एक टर्निंग पॉइंट बताया है। ब्रोकरेज ने स्टॉक की रेटिंग को 'रिड्यूस' से अपग्रेड करके 'एक्युमुलेट' कर दिया है। साथ ही टारगेट प्राइस 185 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये प्रति शेयर कर दिया है।
बेन कैपिटल कैसे करेगी हिस्सेदारी की खरीद
बेन कैपिटल BC Asia Investments XXV Limited और BC Asia Investments XIV Limited के जरिए मणप्पुरम फाइनेंस में निवेश करेगी। बेन कैपिटल की ओर से हिस्सेदारी की खरीद शेयरों के प्रिफरेंशियल अलॉटमेंट के जरिए की जाएगी। इक्विटी और वॉरंट्स को 236 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर खरीदा जाएगा। इस डील के तहत बेन कैपिटल को मणप्पुरम फाइनेंस के बोर्ड में एक सदस्य नियुक्त करने का अधिकार मिलेगा, जिससे उसे NBFC का जॉइंट कंट्रोल मिल जाएगा।
डील के तहत Manappuram Finance में अतिरिक्त 26 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए 236 रुपये प्रति शेयर के भाव पर ओपन ऑफर भी रहेगा, जिससे बेन कैपिटल अपनी हिस्सेदारी 40 प्रतिशत से अधिक तक बढ़ा सकती है। डील के बाद मणप्पुरम के मौजूदा प्रमोटर्स के पास कंपनी में 28.9 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।