IndusInd Bank Share Price: Q1 में मुनाफा 47% बढ़ा, NPA घटा; फिर भी शेयर 6% लुढ़का

IndusInd Bank Share Price: जून 2026 ​तिमाही में इंडसइंड बैंक का ग्रॉस NPA रेशियो सालाना आधार पर घटकर 3.25 प्रतिशत रह गया। नेट NPA रेशियो कम होकर 0.95 प्रतिशत पर आ गया। शुद्ध ब्याज आय 1 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 4,684.7 करोड़ रुपये रही

अपडेटेड Jul 23, 2026 पर 4:30 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जून 2026 तिमाही में IndusInd Bank का स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 46.5 प्रतिशत बढ़ गया।

प्राइवेट सेक्टर के इंडसइंड बैंक के शेयरहोल्डर्स के लिए 23 जुलाई का दिन बेहद खराब रहा। दिन में शेयर की कीमत में पिछले बंद भाव से 6.6 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। BSE पर भाव 999 रुपये के लो तक गया। बाद में शेयर 6 प्रतिशत गिरावट के साथ 1005.55 रुपये पर सेटल हुआ। बैंक का मार्केट कैप घटकर 78300 करोड़ रुपये पर आ गया है। अप्रैल-जून 2026 तिमाही में बैंक का मुनाफा बढ़ने और NPA गिरने के बावजूद शेयर में बिकवाली का दबाव रहा। जून 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 46.5 प्रतिशत बढ़कर 1002.50 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले बैंक ने 684.25 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।

शुद्ध ब्याज आय 1 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 4,684.7 करोड़ रुपये रही, जो जून 2025 तिमाही में 4,639.8 करोड़ रुपये थी। जून 2026 तिमाही में शुद्ध ब्याज मार्जिन (NIM) बढ़कर 3.57 प्रतिशत हो गया, जबकि एक साल पहले यह 3.46 प्रतिशत था। दूसरी ओर कुल इनकम 9 प्रतिशत कम होकर 13095.30 करोड़ रुपये रही, जो जून 2025 तिमाही में 14420.12 करोड़ रुपये थी।

जून 2026 ​तिमाही में इंडसइंड बैंक का ग्रॉस NPA (नॉन परफॉर्मिंग एसेट्स) रेशियो सालाना आधार पर घटकर 3.25 प्रतिशत रह गया। एक साल पहले यह 3.64 प्रतिशत था। नेट NPA रेशियो कम होकर 0.95 प्रतिशत पर आ गया, जबकि जून 2025 तिमाही में यह 1.12 प्रतिशत था।


IndusInd Bank में अब क्या करें- बाय, सेल या होल्ड?

इंडसइंड बैंक की तिमाही परफॉरमेंस ब्रोकरेज को कुछ खास पसंद नहीं आई है। कुछ ब्रोकरेज को शुद्ध ब्याज मार्जिन कमजोर लगता है। इसके साथ-साथ ब्रोकरेज फीस से इनकम को लेकर भी सतर्क बने हुए हैं। जेपी मॉर्गन ने इंडसइंड बैंक के स्टॉक पर 'अंडरवेट' रेटिंग बरकरार रखी है। वहीं टारगेट प्राइस बढ़ाकर 820 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि बैंक की कमाई उम्मीद से बेहतर रही, जबकि कोर शुद्ध ब्याज आय मोटे तौर पर उम्मीद के मुताबिक रही। एसेट क्वालिटी में सुधार के बावजूद कोर NIM में थोड़ी गिरावट आई।

CLSA ने स्टॉक की रेटिंग घटाकर 'अंडरपरफॉर्म' कर दी है। लेकिन टारगेट प्राइस बढ़ाकर 925 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज ने माना कि कोर प्री-टैक्स प्रॉफिट उम्मीद से बेहतर रहा, जिसमें कम ऑपरेटिंग खर्चों और कम क्रेडिट कॉस्ट का योगदान था। लेकिन फीस से इनकम और NIM में लगातार कमजोरी बनी हुई है। लोन ग्रोथ मुख्य रूप से कॉर्पोरेट लोन की वजह से रही।

दूसरी ओर, जेफरीज इंडसइंड बैंक के स्टॉक को लेकर बुलिश है। ब्रोकरेज ने 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस बढ़ाकर 1,250 रुपये प्रति शेयर कर दिया हे। ब्रोकरेज ने कहा कि एसेट क्वालिटी, लोन ग्रोथ और प्रॉफिटेबिलिटी में सुधार के ट्रेंड उसके सकारात्मक नजरिए को सपोर्ट करते हैं। लेकिन आगे री-रेटिंग इस बात पर निर्भर करेगी कि बैंक लगभग 1.5 प्रतिशत का रिटर्न ऑन एसेट्स हासिल कर पाता है या नहीं।

नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने इंडसइंड बैंक के शेयरों पर अपनी 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस बढ़ाकर 1,250 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। मोतीलाल ओसवाल ने टारगेट प्राइस को बढ़ाकर 1,125 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। साथ ही स्टॉक पर 'न्यूट्रल' रेटिंग बनाए रखी है। ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2027 और 2028 के लिए बैंक की कमाई के अनुमानों को भी 18-19% बढ़ाया है।

Infosys Q1 Results: तिमाही नतीजों से पहले IT कंपनी का शेयर 2% तक लुढ़का, परफॉरमेंस को लेकर क्या अनुमान

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।