Infosys Q1 Results: तिमाही नतीजों से पहले IT कंपनी का शेयर 2% तक लुढ़का, परफॉरमेंस को लेकर क्या अनुमान

Infosys Q1 Results: एनालिस्ट्स के अनुसार, इंफोसिस का EBIT मार्जिन 21.1% रहने की संभावना है। शुद्ध मुनाफा तिमाही आधार पर 7% घटकर ₹7,903 करोड़ रहने का अनुमान है। सबकी नजरें इस बात पर भी होंगी कि कंपनी अपने पूरे साल के गाइडेंस में क्या बदलाव करती है

अपडेटेड Jul 23, 2026 पर 12:18 PM
दिन में BSE पर Infosys के शेयर की कीमत 1032.30 के लो तक गई।

IT कंपनी इंफोसिस के अप्रैल-जून 2026 तिमाही के नतीजे आज, 23 जुलाई को सामने आने वाले हैं। दिन में होने वाली बोर्ड मीटिंग में इन पर चर्चा की जाएगी और मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद नतीजे जारी किए जाएंगे। तिमाही परफॉरमेंस की घोषणा से पहले कंपनी के शेयर में गिरावट है। दिन में BSE पर शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से करीब 2 प्रतिशत तक फिसलकर 1032.30 के लो तक गई। कंपनी का मार्केट कैप घटकर 4.24 लाख करोड़ रुपये रह गया है।

CNBC-TV18 के सर्वे में शामिल एनालिस्ट्स का अनुमान है कि इंफोसिस का डॉलर में रेवेन्यू तिमाही आधार पर 1.7% बढ़कर 512.70 करोड़ डॉलर हो जाएगा। कॉन्स्टेंट करेंसी (CC) रेवेन्यू ग्रोथ 1.8% रहने का अनुमान है। ब्रोकरेज फर्म सिटी और गोल्डमैन सैक्स को यह ग्रोथ क्रमश: 1% और 1.1% रहने का अनुमान है। वहीं जेफरीज और CLSA को उम्मीद है कि यह आंकड़ा क्रमशः 2.5% और 2.3% रहेगा।

जून तिमाही में इंफोसिस की ग्रोथ में हाल ही में खरीदी गई कंपनियों ऑप्टिमम (Optimum) और स्ट्रेटस (Stratus) का भी अच्छा योगदान रहने की संभावना है। कंपनी ने ऑप्टिमम हेल्थ (Optimum Health) को 46.5 करोड़ डॉलर तक में खरीदा था और यह डील मई 2026 में पूरी हुई। न्यू जर्सी स्थित टेक्नोलॉजी कंसल्टेंसी फर्म स्ट्रेटस (Stratus) को इंफोसिस ने 9.5 करोड़ डॉलर तक में खरीदा था। यह डील इस साल अप्रैल में पूरी हुई।


Infosys का EBIT मार्जिन 21.1% रहने की संभावना

एनालिस्ट्स के अनुसार, इंफोसिस का EBIT मार्जिन 21.1% रहने की संभावना है। शुद्ध मुनाफा तिमाही आधार पर 7% घटकर ₹7,903 करोड़ रहने का अनुमान है। इसके अलावा सबकी नजरें इस बात पर भी होंगी कि कंपनी अपने पूरे साल के गाइडेंस में क्या बदलाव करती है। ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल को उम्मीद है कि गाइडेंस के ऊपरी स्तर में 50 बेसिस पॉइंट्स की कटौती होगी। गोल्डमैन सैक्स का मानना है कि ऑर्गेनिक ग्रोथ गाइडेंस के ऊपरी स्तर में 50 से 100 बेसिस पॉइंट्स की कटौती हो सकती है। बाजार को उम्मीद है कि गाइडेंस का आंकड़ा या तो 2.5% से 4.5% के बीच या 2% से 4% के बीच होगा।

जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में इंफोसिस का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 38,641 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 7,975 करोड़ रुपये रहा। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 1,48,819 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 29,211 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

Eternal Share Price: जोमैटो की पेरेंट कंपनी का शेयर 4% तक चढ़ा, Q1 नतीजों के बाद अब ब्रोकरेज को क्या उम्मीद

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।