Eternal Share Price: जोमैटो की पेरेंट कंपनी का शेयर 4% तक चढ़ा, Q1 नतीजों के बाद अब ब्रोकरेज को क्या उम्मीद

Eternal Share Price: जून 2026 तिमाही में फूड डिलीवरी बिजनेस जोमैटो की नेट ऑर्डर वैल्यू में सालाना आधार पर 20% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। क्विक कॉमर्स बिजनेस ब्लिंकइट की NOV सालाना आधार पर 86% और 'गोइंग-आउट' या 'डिस्ट्रिक्ट' वर्टिकल की NOV में 60% की बढ़त देखी गई

अपडेटेड Jul 23, 2026 पर 11:32 AM
जून 2026 तिमाही में Eternal का EBITDA 594 करोड़ रुपये रहा, जबकि EBITDA मार्जिन 2.9 प्रतिशत दर्ज किया गया।

जोमैटो और ब्लिंकइट की पेरेंट कंपनी इटर्नल (Eternal) के शेयरों में दिन में 4.5 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर 296.15 रुपये के हाई तक गया। कंपनी ने एक दिन पहले अप्रैल-जून 2026 तिमाही के नतीजे जारी किए थे। तिमाही के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर लगभग 4 गुना बढ़कर ₹92 करोड़ हो गया है। एक साल पहले मुनाफा ₹25 करोड़ था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू ₹20,211 करोड़ रहा, जबकि जून 2025 तिमाही में यह ₹7,167 करोड़ था।

जून 2026 तिमाही में इटर्नल का EBITDA 594 करोड़ रुपये रहा, जबकि EBITDA मार्जिन 2.9 प्रतिशत दर्ज किया गया। कुल खर्च ₹20,314 करोड़ रहा, जबकि जून 2025 तिमाही में खर्च ₹7,433 करोड़ था। कंपनी के CFO अक्षांत गोयल के मुताबिक, फूड डिलीवरी बिजनेस जोमैटो की नेट ऑर्डर वैल्यू (NOV) में सालाना आधार पर 20% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई और यह ₹10,769 करोड़ तक पहुंच गई। क्विक कॉमर्स बिजनेस ब्लिंकइट की NOV सालाना आधार पर 86% बढ़कर ₹17,132 करोड़ हो गई, जबकि 'गोइंग-आउट' या 'डिस्ट्रिक्ट' वर्टिकल की NOV में सालाना आधार पर 60% की बढ़त देखी गई। आंकड़ा ₹3,218 करोड़ हो गया।

Eternal के शेयर पर ब्रोकरेज की राय


इटर्नल का रिजल्ट आने के बाद ब्रोकरेज स्टॉक को लेकर पॉजिटिव हैं। ब्लूमबर्ग के डेटा के अनुसार, शेयर पर नजर रखने वाले 34 एनालिस्ट्स में से 31 ने 'बाय' की सलाह दी है। 3 ने 'सेल' रेटिंग दी है।CLSA को शेयर में 75 प्रतिशत तक उछाल की उम्मीद है। CLSA ने शेयर पर अपनी "हाई कनविक्शन परफॉर्म" रेटिंग दोहराई है और जून-तिमाही के नतीजों के बाद कंपनी के काम करने के तरीके पर भरोसा जताया है। ब्रोकरेज ने स्टॉक के लिए ₹506 प्रति शेयर का टारगेट तय किया है। ब्रोकरेज ने कहा कि कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद इटर्नल के फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स दोनों बिजनेस में तेज ग्रोथ दिखी और मुनाफा भी बेहतर हुआ।

JPMorgan ने इटर्नल के शेयर पर 'ओवरवेट' रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस ₹390 प्रति शेयर दिया है। ब्रोकरेज ने कहा कि जून तिमाही के नतीजे काफी हद तक उम्मीद के मुताबिक रहे, लेकिन क्विक कॉमर्स, फूड डिलीवरी और District में तेज ग्रोथ देखी गई। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद EBITDA मार्जिन में सुधार हुआ।

Market Trend : 23800 से नीचे जाने पर निफ्टी में आ सकती है बड़ी गिरावट, कमजोर बाजार में भी इन दो शेयरों में हो सकती है कमाई

Jefferies ने ₹415 के प्राइस टारगेट के साथ इटर्नल के शेयर पर "बाय" रेटिंग दोहराई है। ब्रोकरेज ने कहा कि तिमाही नतीजों ने मैनेजमेंट की उस रणनीति को और मजबूत किया है, जिसमें मार्केट शेयर हासिल करने के बजाय मुनाफे वाली ग्रोथ को प्राथमिकता दी जाती है। फूड डिलीवरी में उम्मीद से बेहतर मुनाफा देखा गया, जबकि कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद Blinkit का प्रदर्शन अच्छा रहा। जेफरीज ने आगे कहा कि मैनेजमेंट शॉर्ट-टर्म डिस्काउंटिंग के पक्ष में नहीं है और उसका मानना ​​है कि फूड डिलीवरी में वैल्यू-बेस्ड प्रतिस्पर्धा लंबे समय तक नहीं चल पाएगी।

नोमुरा ने ₹350 के टारगेट के साथ "बाय" रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज को FY27-FY28 के दौरान 0.9%-2% के एडजस्टेड EBITDA मार्जिन के साथ साल-दर-साल आधार पर NOV में 57%-74% की ग्रोथ का अनुमान है। HSBC ने ₹340 के टारगेट प्राइस के साथ इटर्नल के स्टॉक पर "बाय" रेटिंग को दोहराया है। ब्रोकरेज का कहना है कि फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स में मजबूत ग्रोथ और बेहतर होते मार्जिन से वित्त वर्ष 2027 के अनुमानों पर भरोसा और मजबूत होता है। मीडियम टर्म में इटर्नल की कमाई 15%-20% CAGR (कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ सकती है।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।