Infosys Dividend : आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी इंफोसिस (Infosys) ने अपने शेयरधारकों के लिए डिविडेंड का ऐलान किया है। कंपनी FY24 के लिए प्रति इक्विटी शेयर 18 रुपये का अंतरिम डिविडेंड जारी करेगी। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 25 अक्टूबर 2023 तय की गई है। वहीं, भुगतान की तारीख 6 नवंबर 2023 है। इसके अलावा, कंपनी ने आज FY24 की दूसरी तिमाही के नतीजों की भी घोषणा की है। इंफोसिस का नेट प्रॉफिट सितंबर तिमाही में 3.2 फीसदी बढ़कर 6,212 करोड़ रुपये हो गया है।
सितंबर तिाही में इंफोसिस का रेवेन्यू 7 फीसदी बढ़कर 38,994 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी के नतीजे मनीकंट्रोल के पोल में एनालिस्ट्स के अनुमान से बेहतर आए हैं। बीएसई फाइलिंग के अनुसार तिमाही आधार पर कंपनी का सितंबर 2023 तिमाही में नेट प्रॉफिट 4.5 फीसदी और राजस्व 2.8 फीसदी बढ़ा है।
कंपनी के सीएफओ नीलांजन रॉय ने कहा, "हमारी कैपिलट एलोकेशन पॉलिसी के अनुरूप बोर्ड ने 18 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9.1% की वृद्धि है।" इंफोसिस के नतीजे बाजार बंद होने के बाद आए हैं। आज गुरुवार को कंपनी के शेयर 2.82 फीसदी गिरकर 1452.30 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 3 फीसदी की तेजी आई है।
इंफोसिस का ऑपरेटिंग प्रॉफिट या EBIT मार्जिन सितंबर तिमाही में 0.40 फीसदी बढ़कर 21.2 फीसदी रहा। कंपनी को रुपये में कमजोरी से अपना ऑपरेटिंग प्रॉफिट बढ़ाने में मदद मिली। इसके अलावा, कंपनी ने इस साल अब तक अपने कर्मचारियों की सैलरी में भी कोई बढ़ोतरी नहीं की है। इंफोसिस ने ऑपरेटिंग मार्जिन के अनुमान को 20 से 22 फीसदी पर बरकरार रखा है।