Wedding Stocks: शादियों का सीजन चल रहा है। इस सीजन में कपड़े, ज्वैलरी और होटलों की मांग बढ़ जाती है। इसके चलते इनसे जुड़े कारोबार में जो कंपनियां हैं, उनमें निवेश कर आप भी बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं। अब ऐसे में इस बार के शादियों के सीजन में आप शानदार कमाई करना चाहते हैं तो उन कंपनियों में पैसे लगा सकते हैं जिनका कारोबार शादियों के चलते मजबूत होने के आसार हैं। यहां ऐसे ही छह स्टॉक्स के बारे में डिटेल्स दी जा रही है जिसमें टाटा ग्रुप की भी कंपनी शामिल है। इसमें गहनों को लेकर दो स्टॉक्स, होटल्स को लेकर दो और कपड़ों को लेकर दो स्टॉक्स शामिल हैं।
शादियों के लिए सबसे पहले तैयारी कपड़ों को लेकर होती है। ऐसे में रेमंड लंबे समय से जाना-माना नाम हैं। यह सगाई से लेकर रिसेप्शन तक, हर अवसर के लिए कपड़ों के लिए विस्तृत रेंज पेश करती है। इसके शेयर पिछले पांच दिन में 10 फीसदी और एक महीने में 25 फीसदी से अधिक मजबूत हुए हैं। आज बीएसई पर यह 1537.35 रुपये के भाव (Raymond Share Price) पर बंद हुआ है।
मान्यवर (Manyavar) ब्रांड वेदांता फैशंस का है। यह कंपनी शेरवानी, कुर्ता, जूती, साफा, लहंगा, साड़ी जैसे कपड़ों की विस्तृत रेंज पेश करती है। इसके शेयर छह महीने में 29 फीसदी उछले हैं और आज यह 1338.40 रुपये के भाव (Vedanta Fashions Share Price) पर बंद हुआ है। घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने इसमें निवेश के लिए 1550 रुपये का टारगेट प्राइस फिक्स किया है जो मौजूदा भाव से करीब 16 फीसदी अपसाइड है।
कपड़ों के बाद आती है गहनों की बारी। टाटा ग्रुप (Tata Group) की टाइटन कंपनी तनिष्क (Tanishq) ब्रांड नाम से गहनों की बिक्री करती है। अपने देश में शादियों के सीजन में गहनों की खरीदारी बढ़ जाती है। गोल्ड को शुभ माना जाता है और विवाह जैसे शुभ मौके के लिए खरीदारी इसके बिना पूरी ही नहीं होती है। ऐसे में टाइटन में निवेश कर शानदार रिटर्न हासिल कर सकते हैं। इसके शेयर आज 2596.20 रुपये के भाव (Titan Share Price) पर बंद हुए हैं। छह महीने में यह 22 फीसदी मजबूत हुआ है। ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने इसमें निवेश के लिए 3210 रुपए का टारगेट फिक्स किया है जो मौजूदा भाव से करीब 24 फीसदी अपसाइड है।
शादियों के सीजन में गहनों की बिक्री बढ़ती है और ऐसे में इस सेग्मेंट की कंपनियों में निवेश कर बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं। कल्याण ज्वैलर्स इस सेक्टर का एक दमदार स्टॉक है। इसके शेयर पिछले छह महीने में 83 फीसदी मजबूत हुए हैं और आगे भी इसमें 36 फीसदी से अधिक तेजी का रूझान दिख रहा है। आज बीएसई पर यह 109.90 रुपये के भाव (Kalyan Jewellers Share Price) पर बंद हुआ है। घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने इसमें निवेश के लिए 150 रुपये का टारगेट प्राइस फिक्स किया है।
शादियों के सीजन में मेहमानों को ठहराने का बेहतर इंतजाम करने के लिए होटल्स, रिजॉर्ट्स की बुकिंग होती है। होटल वाले भी इस मौके का इंतजार करते हैं और इस दौरान आम दिनों की तरह कमरे मिलना भी मुश्किल होता है। ऐसे में इस सेग्मेंट की कंपनियों में निवेश कर बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं। ऐसी है एक कंपनी है, टाटा ग्रुप के इंडियन होटल (Indian Hotels Company) और हैदराबाद की जीवीके ग्रुप की ज्वाइंट वेंचर ताज जीवीके होटल्स एंड रिसॉर्ट्स। इसके शेयर आज बीएसई पर 217.25 रुपये के भाव (Taj GVK Hotels & Resorts Share Price) पर बंद हुए हैं।
यह टाटा ग्रुप की कंपनी है। इंडियन होटल्स लग्जरी होटल्स और रिजॉर्ट्स मुहैया कराती है। इसके शेयर आज 325.10 रुपये के भाव (IHCL Share Price) पर बंद हुए हैं। घरेलू ब्रोकरेज फर्म एक्सिस डायरेक्ट ने इसमें निवेश के लिए 360 रुपये का टारगेट प्राइस फिक्स किया है। यह मौजूदा भाव से करीब 11 फीसदी अपसाइड है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।