IPCA Labs Q2: फार्मा कंपनी IPCA लैबोरेटरीज लिमिटेड ने आज 14 नवंबर को FY25 की दूसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी के नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 58 फीसदी का उछाल आया है। कंपनी ने इस अवधि में 229.48 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया, जबकि पिछले साल की सितंबर तिमाही में यह आंकड़ा 145.06 करोड़ रुपये था। इसके साथ ही कंपनी ने डिविडेंड की घोषणा भी की है। मजबूत नतीजों का असर कंपनी के शेयरों में भी दिख रहा है। यह स्टॉक BSE पर 2.28 फीसदी की बढ़त के साथ 1542.60 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। इसका मार्केट कैप 39,129 करोड़ रुपये है।
कैसे रहे IPCA Labs के तिमाही नतीजे?
IPCA लैबोरेटरीज लिमिटेड का रेवेन्यू पिछले वर्ष की समान तिमाही में ₹2033.95 करोड़ की तुलना में 16 फीसदी बढ़कर ₹2354.90 करोड़ हो गया। भारतीय फॉर्मूलेशन की आय 11% बढ़कर ₹940.51 करोड़ हो गई। EBITDA सालाना आधार पर 22.5 फीसदी बढ़कर ₹441.7 करोड़ हो गया, जबकि मार्जिन पिछले साल के 17.7% से 110 बेसिस प्वाइंट की वृद्धि के साथ 18.8% हो गया।
IPCA Labs ने किया डिविडेंड का ऐलान
कंपनी के बोर्ड ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए हर शेयर पर 21 रुपये का अंतरिम डिविडेंड भी घोषित किया है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 25 नवंबर 2024 तय की गई है। कंपनी द्वारा पात्र शेयरधारकों को 10 दिसंबर 2024 तक डिविडेंड का भुगतान किया जाएगा।
IPCA Labs पर ब्रोकरेज की राय
पिछले महीने ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने इस शेयर पर अपनी रेटिंग को अपग्रेड करके 'Buy' कर दिया था, जिसका टारगेट प्राइस ₹1950 प्रति शेयर था। ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी वित्त वर्ष 24-वित्त वर्ष 27 के दौरान मजबूत अर्निंग ग्रोथ देने के लिए तैयार है। मोतीलाल ने कहा था, "हम बेहतर ऑपरेशनल एफिशिएंसी, अमेरिकी कारोबार में सुधार, यूनिकेम अधिग्रहण से तालमेल और अच्छी तरह से स्थापित DF बिजनेस को ध्यान में रखते हुए IPCA को Buy में अपग्रेड करते हैं।"
ब्रोकरेज ने IPCA के लिए कुछ पॉजिटिव फैक्टर्स पर बात की, जिसमें मजबूत घरेलू ब्रांड फ्रैंचाइज़ी, बेहतर USFDA कंप्लायंस, अमेरिकी बिजनेस रिवाइवल, यूनिकेम अधिग्रहण और ऑपरेशनल एफिशिएंसी में सुधार शामिल हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।