13 अक्टूबर को इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड (Ircon International Limited) के शेयर में बड़ा उछाल आया है। शेयर शुरुआती कारोबार में ही 7 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ चढ़ गया। बाद में इसमें करीब 14 प्रतिशत का उछाल आया। इसके पीछे कारण है एक दिन पहले कंपनी को 'नवरत्न' कंपनी का स्टेटस मिलना। 'नवरत्न' शब्द से अर्थ शीर्ष प्रदर्शन करने वाले CPSEs के एक चुनिंदा समूह से है, जिन्हें उनके बेहतर प्रदर्शन के चलते केंद्र सरकार द्वारा अधिक ऑटोनॉमी और फाइनेंशियल पावर प्रदान की गई हैं। नवरत्न स्टेटस मिलने के बाद 13 अक्टूबर को इरकॉन इंटरनेशनल का शेयर सुबह बढ़त के साथ BSE पर 138.70 रुपये और NSE पर 138.50 रुपये पर खुला।
जल्द ही यह पिछले बंद भाव से करीब 14 प्रतिशत मजबूती दर्शाता हुआ BSE पर 154.70 रुपये और NSE पर 154.60 रुपये पर पहुंच गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर 10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 150 रुपये के आसपास बंद हुआ है। पिछले 3 माह में इरकॉन इंटरनेशनल का शेयर करीब 90 प्रतिशत और एक साल में 250 प्रतिशत चढ़ा है।
CPSEs में इरकॉन 15वां नवरत्न
सेंट्रल पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइजेस (CPSEs) में इरकॉन 15वां नवरत्न होगी। रेल मंत्रालय के तहत आने वाली इरकॉन का कंसोलिडेटेड बेसिस पर वार्षिक कारोबार FY23 में 10,750 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 765 करोड़ रुपये रहा था। स्टैंडअलोन बेसिस पर कंपनी का वार्षिक कारोबार 10,262 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 777 करोड़ रुपये था।
राइट्स लिमिटेड को भी नवरत्न स्टेटस
सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी राइट्स लिमिटेड को भी नवरत्न का दर्जा दिया है। CPSEs में राइट्स लिमिटेड 16वां नवरत्न होगी। राइट्स लिमिटेड का शेयर भी शुक्रवार को 7 प्रतिशत तक चढ़ा है। कारोबार खत्म होने पर शेयर 5 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ 500 रुपये के स्तर पर बंद हुआ है। नवरत्न बनने के बाद एक सरकारी कंपनी, सरकार की मंजूरी लिए बिना 1000 करोड़ रुपये तक निवेश कर सकती है। नवरत्न स्टेटस वाली अन्य 14 कंपनियां हैं- भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, CONCOR, इंजीनियर्स इंडिया, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स, MTNL, NALCO, NBCC, NLC India, NMDC Limited, राष्ट्रीय इस्पात निगम, शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया, RVNL, ONGC Videsh Ltd और राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड।