IREDA Share Price: इरेडा के शेयरों का भाव आज 21 जून को 3 फीसदी से अधिक बढ़कर 187.17 रुपये के भाव पर पहुंच गया। कंपनी के शेयरों में यह तेजी इस उम्मीद से आई कि आने वाले दिनों में इसके शेयरों में 5.7 करोड़ डॉलर (करीब 476 करोड़ रुपये) का निवेश आ सकता है। भारत सरकार के स्वामित्व वाली इस कंपनी को FTSE के ऑल वर्ल्ड इंडेक्स में शामिल किया गया है। इस इंडेक्स का एडजस्टमेंट आज के कारोबारी सत्र में होगा।
ब्रोकरेज फर्म, IIFL अल्टरनेट रिसर्च की एक रिपोर्ट के मुताबिक IREDA के शेयरों में शुक्रवार को 5.7 करोड़ डॉलर के निवेश की उम्मीद है। इससे पहले गुरुवार को IREDA के शेयरों में पिछले 4 दिनों से जारी गिरावट का सिलसिला टूटा था और अब यह शेयर लगातार दूसरे दिन हरे निशान में कारोबार कर रहा है।
हालांकि, IREDA के शेयर की फ्यूचर संभावनाओं को लेकर बाजार में अलग-अलग राय है। कुछ चार्ट एनालिस्ट्स इस शेयर के लिए 220-230 रुपये का स्तर देख रहे हैं। वहीं फंडामेंटल पर नजर रखने एनालिस्ट्स वाले इसे महंगा बता रहे हैं।
IREDA के शेयर पिछले साल नवंबर में एक सफल IPO के बाद 32 रुपये के भाव पर सूचीबद्ध हुए थे। सूचीबद्ध होने के कुछ ही हफ्तों के अंदर शेयर का भाव 214 रुपये के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया। इसके तुरंत बाद, शेयर में तेज गिरावट आई, यहां तक कि यह 100 रुपये से नीचे के स्तर पर भी गिर गया, लेकिन उसके बाद से इसमें तेजी से सुधार हुआ है।
कंपनी ने हाल ही में वित्त वर्ष 2030 तक "महारत्न" कंपनी का दर्जा पाने की योजना बनाई है। कंपनी इस अवधि के दौरान अपने डिस्बर्समेंट को 5 गुना और लोन बुक को 6 गुना बढ़ाने की योजना बना रही है। गुरुवार को ही कंपनी के 147.5 करोड़ शेयर या इसकी करीब 55% हिस्सेदारी लॉक-इन अवधि समाप्त होने के बाद लेनदेन के लिए एलिजबल हो गई।
NSE पर दोपहर 2.30 बजे के करीब, IREDA के शेयर 3.25 फीसदी की तेजी के साथ 183.25 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। इस साल की शुरुआत से अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 75 फीसदी की तेजी आई है।