इजरायल-ईरान जंग से शेयर बाजार क्रैश! जानिए निवेश के 9 विकल्प, जहां सेफ रहेगा आपका पैसा

Safe Investment Options: इजरायल-ईरान तनाव से बाजार में तेज गिरावट आई है। ऐसे माहौल में कहां निवेश करें? जानिए 9 सुरक्षित विकल्प, जो अस्थिरता के बीच आपके पैसे को स्थिर रिटर्न दे सकते हैं।

अपडेटेड Mar 02, 2026 पर 9:59 PM
Story continues below Advertisement
NSC डाकघर की बचत योजना है, जो तय रिटर्न और टैक्स लाभ देती है।

Safe Investment Options: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच शेयर बाजार में फिर तेज उतार चढ़ाव दिख रहा है। 2 मार्च को सेंसेक्स 1048 अंक या 1.29% गिरकर 80,238 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 312 अंक या 1.24% गिरकर 24,865 पर बंद हुआ। ऐसे माहौल में कई निवेशक सोचते हैं कि पोर्टफोलियो का कुछ हिस्सा सुरक्षित और सरकार स्कीमों में शिफ्ट कर देना चाहिए।

इतिहास बताता है कि भू राजनीतिक संकट के दौरान भारतीय बाजारों में 5 से 10 प्रतिशत तक गिरावट आती है, लेकिन 3 से 6 महीने में रिकवरी भी देखने को मिलती है। आनंद राठी वेल्थ के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अर्जुन गुहा ठाकुरता के मुताबिक, ऐसे समय में घबराने के बजाय संतुलन बनाना जरूरी है। इक्विटी के साथ स्थिर एसेट क्लास जोड़ना समझदारी हो सकती है।

सबसे बेहतर रणनीति यही मानी जाती है कि पोर्टफोलियो में विविधता हो। आइए इक्विटी के कुछ सुरक्षित विकल्पों को समझते हैं।


बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट (FD)

अनिश्चित माहौल में बैंक एफडी अब भी भरोसेमंद विकल्प हैं क्योंकि इनमें रिटर्न तय होता है। ब्याज दर आमतौर पर 6 से 8 प्रतिशत के बीच रहती है, जो बैंक और अवधि पर निर्भर करती है। वरिष्ठ नागरिकों को 0.25 से 0.50 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज मिलता है। रिटर्न टैक्सेबल है, लेकिन पूंजी सुरक्षित रहती है और आय निश्चित होती है।

डेट म्यूचुअल फंड

डेट म्यूचुअल फंड सरकारी बॉन्ड, कॉरपोरेट बॉन्ड, ट्रेजरी बिल और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट में निवेश करते हैं। इनमें लिक्विड, शॉर्ट ड्यूरेशन, गिल्ट और डायनामिक बॉन्ड जैसी कई श्रेणियां होती हैं। निवेशक अपने जोखिम और निवेश अवधि के अनुसार विकल्प चुन सकते हैं।

ये फंड ब्याज से आय कमाते हैं और कभी कभी बॉन्ड की कीमत बढ़ने से पूंजीगत लाभ भी मिलता है। ब्याज दर घटती है तो बॉन्ड की कीमत बढ़ती है, जिससे फंड का एनएवी ऊपर जाता है। दरें बढ़ने पर इसका उल्टा असर होता है। हालांकि ये इक्विटी से कम अस्थिर होते हैं, लेकिन पूरी तरह जोखिम मुक्त नहीं हैं। निवेश से पहले अवधि और क्रेडिट क्वालिटी समझना जरूरी है।

पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF)

PPF लंबी अवधि के लिए सुरक्षित सरकारी योजना है। मौजूदा ब्याज दर 7.10 प्रतिशत सालाना है। अवधि 15 साल है, जिसे 5-5 साल के ब्लॉक में बढ़ाया जा सकता है। हर साल अधिकतम 1.5 लाख रुपये जमा किए जा सकते हैं। धारा 80C के तहत टैक्स छूट मिलती है, लेकिन यह लाभ पुरानी टैक्स व्यवस्था में ही उपलब्ध है।

PPF की दर 10 साल की सरकारी प्रतिभूतियों की औसत यील्ड से जुड़ी होती है, जिसमें 0.25 प्रतिशत अतिरिक्त जोड़ा जाता है।

नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC)

NSC डाकघर की बचत योजना है, जो तय रिटर्न और टैक्स लाभ देती है। मौजूदा ब्याज दर 7.70 प्रतिशत सालाना है। लॉक इन अवधि 5 साल है। न्यूनतम निवेश 1,000 रुपये है। धारा 80C के तहत 1.5 लाख रुपये तक टैक्स छूट मिल सकती है।

सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम (SCSS)

60 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए यह सुरक्षित रिटायरमेंट योजना है। न्यूनतम निवेश 1,000 रुपये और अधिकतम 30 लाख रुपये तक किया जा सकता है। अवधि 5 साल है। मौजूदा ब्याज दर 8.2 प्रतिशत सालाना है। निवेश की गई रकम पर धारा 80C के तहत 1.5 लाख रुपये तक टैक्स छूट मिल सकती है।

पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम (POMIS)

जो निवेशक नियमित मासिक आय चाहते हैं और बाजार जोखिम से दूर रहना चाहते हैं, उनके लिए यह योजना है। सिंगल अकाउंट में 9 लाख रुपये और जॉइंट अकाउंट में 15 लाख रुपये तक निवेश किया जा सकता है। अवधि 5 साल है। ब्याज दर 7.40 प्रतिशत सालाना है, जो हर महीने दी जाती है।

पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट

यह बैंक एफडी जैसा है, लेकिन पूरी तरह सरकारी गारंटी के साथ आता है। मौजूदा ब्याज दरें इस प्रकार हैं:

  • 1 साल - 6.90 प्रतिशत
  • 2 साल - 7.00 प्रतिशत
  • 3 साल - 7.10 प्रतिशत
  • 5 साल - 7.50 प्रतिशत

इसमें न्यूनतम निवेश 1,000 रुपये है। अधिकतम सीमा नहीं है।

किसान विकास पत्र (KVP)

KVP लंबी अवधि के लिए स्थिर और अनुमानित रिटर्न देने वाली योजना है। मौजूदा ब्याज दर 7.50 प्रतिशत सालाना है। निवेश करीब 115 महीनों यानी लगभग 9.5 साल में दोगुना हो जाता है। न्यूनतम निवेश 1,000 रुपये है और अधिकतम सीमा नहीं है।

सुकन्या समृद्धि योजना (SSY)

यह लड़कियों के भविष्य के लिए बनाई गई सरकारी योजना है। इसमें मौजूदा ब्याज दर 8.20 प्रतिशत सालाना है, जो सालाना चक्रवृद्धि होती है। न्यूनतम 250 रुपये और अधिकतम 1.5 लाख रुपये सालाना निवेश किया जा सकता है। खाता 21 साल की उम्र या शादी तक चलता है।

UPI का इस्तेमाल मुफ्त, फिर पैसा कैसे कमाते हैं फोनपे, गूगलपे और पेटीएम जैसे ऐप्स?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।