IT Stocks : सोमवार को निफ्टी IT इंडेक्स में 3 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली है। इंफोसिस जैसे लार्जकैप शेयर और परसिस्टेंस सिस्टम्स (Persistent Systems) जैसे मिडकैप शेयर 5 प्रतिशत तक चढ़ गए हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े शेयरों में दुनिया भर में आई तेजी का असर भारतीय बाजारों पर भी पड़ा है, इसके चलते ही यह तेजी आई है। ज्यादातर सेक्टरों में कमजोरी के बावजूद भारतीय IT शेयरों ने अच्छा प्रदर्शन किया है जिससे निफ्टी IT सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला सेक्टोरल इंडेक्स बन गया। वहीं,बेंचमार्क इंडेक्स और अधिकांश सेक्टोरल इंडेक्स सुस्त दिख रहे हैं।
इंफोसिस Nifty में सबसे ज्यादा बढ़त वाला शेयर बना
आज की यह बढ़त लार्ज-कैप और मिड-कैप दोनों तरह के IT शेयरों में देखने को मिल रही है। इंफोसिस 4 प्रतिशत से ज़्यादा बढ़कर 1,208 रुपये पर पहुंच गया और Nifty 50 में सबसे ज्यादा बढ़त वाला शेयर बन गया है। टेक महिंद्रा में 3.3 प्रतिशत की बढ़त हुई है,TCS में 2 प्रतिशत की, HCL टेक्नोलॉजीज में 1.7 प्रतिशत की और विप्रो में 1.2 प्रतिशत की बढ़त हुई है। बेंचमार्क इंडेक्स में सबसे ज़्यादा बढ़त वाले शेयरों में 5 बड़े IT शेयर शामिल हैं।
मिड और स्मॉल आईटी शेयर भी झूमे
यह तेजी छोटे-मझोले शेयरों तक भी फैल गई है। परसिस्टेंस सिस्टम्स लगभग 5 प्रतिशत उछलकर Nifty Midcap 100 में सबसे ज्यादा बढ़त बनाने वाली कंपनियों की सूची में सबसे ऊपर है। जबकि Mphasis में 3.5 प्रतिशत, Coforge में 3.4 प्रतिशत और KPIT Technologies में 2 प्रतिशत से ज़्यादा की बढ़त दर्ज की गई है। Nifty Midcap 100 इंडेक्स में सबसे ज्यादा बढ़त बनाने वाली टॉप 5 कंपनियों में चार IT कंपनियां शामिल हैं।
बाजार में कमजोरी के बावजूद आईटी शेयरों में तेजी
जब पूरा बाजार दिशा की तलाश में जूझ रहा है,तब भी कुछ शेयरों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। Nifty 50 में सिर्फ़ 0.1 प्रतिशत की बढ़त हुई दिख रही है। जबकि Nifty Midcap 100 इंडेक्स में लगभग 0.7 प्रतिशत की गिरावट आई है। अधिकांश बड़े सेक्टोरल इंडेक्स(जिनमें ऑटो,FMCG,प्राइवेट बैंक,रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शामिल हैं) लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं।
ग्लोबल बाजार में टेक्नोलॉजी शेयरों में आई तेजी से मिला बल
ग्लोबल बाजार में टेक्नोलॉजी शेयरों में आई तेजी का असर भारतीय आईटी शेयरों पर भी देखने को मिल रहा है। निवेशक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर,सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर से जुड़े बढ़ते खर्च को देख कर खुश नजर आ रहे हैं।
एशियाई बाजारों को AI से जुड़ी कंपनियों की मजबूत मांग से मिला सपोर्ट
एशियाई बाजारों को AI से जुड़ी कंपनियों की मज़बूत मांग से सपोर्ट मिला है। जापान के निक्केई ने पिछले हफ्ते रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद अपनी बढ़त जारी रखी है। जबकि, दक्षिण कोरियाई टेक्नोलॉजी शेयरों में Nvidia और AI इकोसिस्टम के साथ गहरे संबंध की उम्मीदों के दम पर ज़ोरदार उछाल आया है। सोमवार को Samsung Electronics में करीब 10 प्रतिशत की तेजी आई,जबकि LG Electronics में लगभग 28 प्रतिशत का उछाल देखने को मिला।
Nvidia के सीईओ जेन्सेन हुआंग के भाषण पर नजर
निवेशकों की भावना को इस उम्मीद से भी बल मिला है कि निवेशकों को उम्मीद है कि Nvidia के सीईओ जेन्सेन हुआंग ताइवान में कम्प्यूटेक्स में दिए जाने वाले अपने मुख्य भाषण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एडवांस कंप्यूटिंग टेक्नोलॉजी में आगे के विकास को उजागर करेंगे।