ITC Q2 Results: सिगरेट और FMCG कंपनी ITC Ltd ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में मुनाफे में गिरावट दर्ज की है। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 20.1% घटकर ₹4,137.12 करोड़ रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने ₹5,180 करोड़ का मुनाफा कमाया था। हालांकि, यह CNBC-TV18 के पोल अनुमान ₹4,089 करोड़ से थोड़ा बेहतर रहा।
कंपनी का रेवेन्यू 1.8% बढ़कर ₹18,401 करोड़ हो गया। पिछले साल सितंबर तिमाही में यह ₹18,081 करोड़ था। रेवेन्यू भी ₹18,170 करोड़ के अनुमान से आगे रहा।
EBITDA और मार्जिन में गिरावट
ITC का EBITDA 17.4% घटकर ₹5,160 करोड़ रह गया। पिछले साल यह ₹6,250 करोड़ था। EBITDA मार्जिन भी 34.6% से गिरकर 28% पर आ गया। यह CNBC-TV18 के 28.4% के अनुमान से कम रहा।
कंपनी के सिगरेट कारोबार पर टैक्स में हुई बड़ी बढ़ोतरी का असर जारी है। ITC के मुताबिक, टैक्स बढ़ने के बाद वैध सिगरेट बाजार की बिक्री पर दबाव बना हुआ है।
FMCG कारोबार की ग्रोथ 14 तिमाही के हाई पर
ITC के गैर-सिगरेट कारोबार ने मजबूत प्रदर्शन किया। इस कारोबार का रेवेन्यू सालाना आधार पर 19% बढ़ा। FMCG कारोबार में रेवेन्यू ग्रोथ 14 तिमाही के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई।
बिस्किट, स्नैक्स, नूडल्स, मसाले, नमक, होमकेयर और नोटबुक जैसे उत्पादों की बिक्री में 20% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। वहीं, डेयरी और पर्सनल वॉश कारोबार में हाई-टीन्स ग्रोथ रही।
FMCG कारोबार का EBITDA मार्जिन सालाना और तिमाही आधार पर 50 बेसिस पॉइंट से ज्यादा बढ़ा। कंपनी ने बेहतर प्रोडक्ट मिक्स, लागत नियंत्रण और कीमतों में बदलाव के जरिए कच्चे माल की बढ़ती लागत का असर कम किया।
पेपर और एग्री कारोबार में भी सुधार
ITC के एग्री कारोबार का रेवेन्यू 12% बढ़ा। वहीं, पेपर कारोबार का रेवेन्यू 36% और सेगमेंट प्रॉफिट 48% बढ़ा। पेपर कारोबार के मार्जिन में 320 बेसिस पॉइंट का सुधार हुआ। कंपनी के फ्रेश फूड कारोबार का GMV 53% बढ़ा। ITC ने तिमाही के दौरान सात नई क्लाउड किचन भी जोड़ीं।
ITC का शेयर नतीजों से पहले BSE पर 0.15% की तेजी के साथ ₹266 पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 14.47% टूटा है। वहीं, 1 साल में यह 35.74% क्रैश हो चुका है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।