ITC ने 5 सालों बाद दोबारा हासिल किया ₹4 लाख करोड़ का मार्केट कैप, 6 महीने में 50% बढ़ी शेयरों की कीमत

ITC Market Cap: आईटीसी का मार्केट कैप इससे पहले 14 जुलाई 2017 को आखिरी बार 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक था

अपडेटेड Sep 02, 2022 पर 4:14 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
आईटीसी के शेयरों में पिछले 6 महीने में करीब 50 फीसदी की तेजी आई है

आईटीसी (ITC) ने करीब 5 सालों बाद एक बार फिर 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक की मार्केट वैल्यू वाली कंपनी का दर्जा हासिल कर लिया है। आईटीसी देश की सबसे बड़ी सिगरेट कंपनी होने के साथ देश की दूसरी सबसे बड़ी एफएमसीजी कंपनी भी है। आईटीसी के शेयरों में लगातार तेजी जारी है, जिसके चलते उसके मार्केट कैपिटलाइजेशन में इजाफा हुआ है।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर शुक्रवार 2 सितंबर को दिन के कारोबार के दौरान आईटीसी के शेयर करीब 2 फीसदी बढ़कर 324.20 रुपये के स्तर पर पहुंच गए, जो इसका पिछले 5 सालों का सबसे ऊंचा स्तर है। दिन का कारोबार खत्म होने के समय, आईटीसी के शेयर करीब 1.72 फीसदी की तेजी के साथ 322 रुपये के भाव पर बंद हुए। इसके साथ ही इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़कर 4.01 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

324.20 रुपये के नए 52-वीक हाई के हिसाब से आईटीसी के शेयरों में पिछले 3 महीने में करीब 19 फीसदी की तेजी आई है। जबकि पिछले 6 महीने में इसके शेयरों की कीमत करीब 48 फीसदी बढ़ी है। वहीं पिछले एक साल में इसने अपने निवेशकों को करीब 59 फीसदी का रिटर्न दिया है।


यह भी पढ़ें- Adani Enterprises ने 6 महीने में दिया 100% रिटर्न, अब Nifty 50 में शामिल होने से स्टॉक में दिख रहा नया जोश

आईटीसी का मार्केट कैप इससे पहले 14 जुलाई 2017 को आखिरी बार 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक था। 14 जुलाई को 2017 को आईटीसी का मार्केट कैप 4.10 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। इसके बाद से स्टॉक की कीमतों में गिरावट आई और लंबे समय तक इसमें एक सीमित दायरे में कारोबार होता रहा।

आईटीसी के 1 अगस्त को आए नतीजों के मुताबिक 30 जून 2022 को खत्म हुए वित्त वर्ष 2022-23 के पहली तिमाही में कंपनी का मुनाफा 33.46 फीसदी की बढ़त के साथ 4,462.25 करोड़ रुपये पर रहा है जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 3,343.44 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 39.25 फीसदी की बढ़त के साथ 19,831.27 करोड़ रुपये पर रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 14,240.76 करोड़ रुपये पर था।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।