ITC Share Price: FMCG कंपनी ITC ने दो सिगरेट ब्रांड Classic Connect और Gold Flake Superstar के दाम बढ़ा दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, 20 सिगरेट वाले Classic Connect पैक की कीमत अब ₹390 से बढ़कर ₹428 हो गई है। वहीं, 10 सिगरेट वाले Gold Flake Superstar पैक का दाम ₹79 से बढ़कर ₹89 हो गया है।
मतलब कि Classic Connect ₹38 महंगा हुआ है। वहीं, Gold Flake Superstar की कीमत ₹10 बढ़ी है।
टैक्स बढ़ने के बाद कीमत बढ़ी
सिगरेट पर टैक्स बढ़ने के बाद ITC धीरे-धीरे इसका असर ग्राहकों पर डाल रही है। कंपनी ने पहले ही कहा था कि वो एक साथ पूरी बढ़ोतरी नहीं करेगी। 5 मई को ITC के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर संजीव पुरी ने CNBC-TV18 से कहा था कि कंपनी अब तक टैक्स बढ़ोतरी का 50-60% ग्राहकों पर डाल चुकी है। बाकी बढ़ोतरी भी धीरे-धीरे की जाएगी।
पुरी ने कहा था, 'हमने अभी तक करीब 50-60% बढ़ोतरी ग्राहकों तक पहुंचाई है। यह प्रक्रिया जारी है और समय के साथ और बढ़ोतरी होगी। आखिरकार पूरी बढ़ोतरी ग्राहकों तक पहुंचानी होगी। लेकिन हम बिक्री को बनाए रखने के लिए इसका असर धीरे-धीरे डाल रहे हैं।'
एक साथ दाम क्यों नहीं बढ़ा रही कंपनी?
ITC के मुताबिक, टैक्स बढ़ोतरी काफी ज्यादा है। अगर पूरी बढ़ोतरी एक साथ सिगरेट की कीमत में जोड़ दी जाए, तो ग्राहक सस्ती या अवैध सिगरेट की तरफ जा सकते हैं।
पुरी ने कहा था, 'जब भी टैक्स बढ़ता है, अवैध कारोबार को बढ़ावा मिलता है। एक साथ पूरी बढ़ोतरी करने से अवैध उत्पादों की तरफ शिफ्ट तेज हो सकता है। इसलिए हम कीमतें धीरे-धीरे बढ़ा रहे हैं।' यही वजह है कि कंपनी चरणबद्ध तरीके से कीमतें बढ़ा रही है। इससे उसे बिक्री पर पड़ने वाले असर को संभालने में मदद मिल सकती है।
फरवरी से नया एक्साइज ड्यूटी सिस्टम
1 फरवरी 2026 से सिगरेट और दूसरे तंबाकू उत्पादों के लिए नया एक्साइज ड्यूटी सिस्टम लागू हुआ है। इसके तहत सिगरेट की लंबाई और फिल्टर के आधार पर अतिरिक्त एक्साइज ड्यूटी लगती है।
यह ड्यूटी ₹2,050 से ₹8,500 प्रति 1,000 सिगरेट तक है। इसके ऊपर 40% तक GST भी लगता है। इससे सिगरेट पर कुल टैक्स का बोझ बढ़ गया है। लंबी और फिल्टर वाली सिगरेट पर कीमतों में ज्यादा असर देखने को मिला है। कंपनियां बढ़े हुए टैक्स का कुछ हिस्सा कीमत बढ़ाकर ग्राहकों से वसूल रही हैं।
ITC का शेयर 16 सितंबर को 2.62% चढ़कर ₹264.75 पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 14.11% टूटा है। वहीं, 1 साल में यह 35.91% क्रैश हो चुका है। कंपनी का मार्केट कैप 3.31 लाख करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।