एमेजॉन (Amazon) के फाउंडर और एग्जिक्यूटिव चेयरमैन जेफ बेजोस (Jeff Bezos) ने कंपनी के 2.5 करोड़ शेयरों को बेचने की योजना बनाई है। इन शेयरों की कुल वैल्यू करीब 5 अरब डॉलर (करीब 41,700 करोड़ रुपये) है। इस बिक्री के बाद जेफ बेजोस की दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी में हिस्सेदारी घटकर 8.8 फीसदी पर आ जाएगी। बेजोस की ओर से शेयर बेचे जाने की खबर के बाद बुधवार को Amazon के शेयर 1.21 फीसदी गिरकर 197.59 डॉलर पर आ गए। इससे एक दिन पहले ही शेयर ने 200.43 डॉलर का अपना नया ऑलटाइम हाई छुआ था। इस साल अबतक Amazon के शेयरों में करीब 30 फीसदी की तेजी आ चुकी है।
इससे पहले फरवरी में भी जेफ बेजोस ने Amazon में करीब 8.5 अरब डॉलर के शेयर बेचे थे। उन्होंने यह बिक्री 2023 में शेयर में 80 फीसदी की तेजी आने के बाद की थी। फोर्ब्स के मुताबिक, बेजोस 214.4 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। वह अंतरिक्ष कंपनी ब्लू ओरिजिन के फाउंडर भी हैं, जिसने मई में 6 लोगों की टीम को अंतरिक्ष के छोर पर भेजा था।
एमेजॉन के मार्च तिमाही के नतीजे काफी अच्छे रहे थे। कंपनी ने बताया कि उसने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के इस्तेमाल पर काफी जोर दिया है, जिसका उसका फायदा मिल रहा है। कंपनी ने हाल ही में एडम सेलिप्स्की की जगह मैट गार्मन को अपने क्लाउड कंप्यूटिंग यूनिट के हेड के रूप में नियुक्त किया है।
बेजोस एक रणनीतिक फैसले के तहत अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं। इसके पीछे मुख्य उद्देश्य शायद उनके इनवेस्टमेंट पोर्टफोलियो में विविधता लाना, ब्लू ओरिजन सहित उनके दूसरे नए वेंचर्स को सपोर्ट करना और परोपकारी कार्यों के लिए फंडिंग जुटाना हो सकता है।
जेफ बेजोस ने 2021 में Amazon के सीईओ के पद से इस्तीफा दे दिया और इसके बोर्ड के एग्जिक्यूटिव चेयरमैन बन गए। उनकी जगह एंडी जेसी अब कंपनी के सीईओ हैं।
एमेजॉन के शीर्ष पद से हटने के बाद से, बेजोस ने अपना अधिकांश समय अपनी अंतरिक्ष रिसर्स कंपनी ब्लू ओरिजिन और क्लाइमट चेंज पर काम करने वाली कंपनी बेजोस अर्थ फंड को दिया है। माना जा रहा है कि एमेजॉन में बिक्री से मिली राशि से बेजोस इन दोनों कंपनियों में अतिरिक्त निवेश कर सकते हैं।
जेफ बेजोस ने जुलाई 1994 में Amazon की शुरुआत की थी, यह वह समय था जब इंटरनेट का इस्तेमाल अभी सरकारों और स्कूलों ने करना शुरू ही किया था।