SW Steel share price : पश्चिम देशों में मैक्रोज़ के पॉजिटिव होने और चीन में स्थिरता लौटने के संकेतों के साथ ही विदेशी ब्रोकिंग फर्म जेफरीज को कोल इंडिया, टाटा स्टील और जेएसडब्ल्यू स्टील के वॉल्यूम में 2024-26 में सालाना आधार पर 6-15 फीसदी बढ़त की उम्मीद नजर आ रही है। कोल इंडिया और टाटा स्टील पर इसकी पहले से ही 'बॉय' रेटिंग थी। इसने 2 जनवरी को जेएसडब्ल्यू स्टील को भी 'अंडरपरफॉर्म' से अपग्रेड करके 'होल्ड' कर दिया। ब्रोकरेज हाउस का कहना है कि सबसे बड़ा उपभोक्ता होने के नाते चीन का मेटल की कीमतें बढ़ाने में सबसे बड़ा योगदान होता है।
ब्रोकरेज फर्म ने कहा, "जेफरीज चाइना टीम को उम्मीद है कि चीन की फिस्कल पॉलिसी ज्यादा सपोर्ट करने वाली होगी और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और 2024 में अपस्फीति (deflation) से बचने के लिए निवेश किया जाएगा।"
भारत में मेटल की कीमतों और वॉल्यूम में बढ़त के साथ जेफ़रीज़ को मेटल शेयरों में अच्छी बढ़त की संभावना दिख रही है। हालांकि पिछले साल से ही इनमें नरमी दिख रही है। जेफ़रीज़ ने कोल इंडिया के लिए 450 रुपये, टाटा स्टील के लिए 160 रुपये और जेएसडब्ल्यू स्टील के लिए 800 रुपये का लक्ष्य दिया है। ब्रोकरेज हाउस का कहना है कि जेएसडब्ल्यू स्टील का वैल्यूएशन महंगा है और इसलिए आम सहमति से इसका टारगेट कम रखा गया है।
जेफरीज का कहना है कि अक्टूबर-नवंबर में स्टील आयात में बढ़त हुई है, लेकिन अब इसमें कमी आनी चाहिए क्योंकि आयातित स्टील पर भारतीय स्टील की कीमत का प्रीमियम 11-14 फीसदी से घटकर केवल 4 फीसदी रह गया है। जेफरीज का मनना है कि भारत में स्टील की कीमत 58,000-58,500 रुपये पर रह सकती है। फिलहाल 03:26 बजे के आसपास टाटा स्टील एनएसई पर 0.11 फीसदी की गिरावट के साथ 140 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था। वहीं, जेएसडब्ल्यू स्टील 0.79 फीसदी की गिरावट के साथ 869 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था।
जेफरीज की राय है कि भारतीय मेटल और माइनिंग कंपनियां काफी अच्छी लग रही हैं। नई उत्पादन इकाइयों के शुरू होने से जेएसडब्ल्यू स्टील और टाटा स्टील के वित्त वर्ष 2024-26 के भारतीय कारोबार के वॉल्यूम में सालाना 12-15 फीसदी की बढ़त की उम्मीद दिख रही है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।