स्टॉक मार्केट के मशहूर इनवेस्टर राकेश झुनझुनवाला की नई एयरलाइन लॉन्च करने की योजना से विमान बनाने वाली दुनिया की बड़ी कंपनी बोइंग को देश में एक बार फिर से बिक्री बढ़ाने का मौका मिल सकता है। बोइंग के बड़े कस्टमर्स में शामिल रही जेट एयरवेज के बंद होने से कंपनी को बिजनेस का नुकसान हुआ था।
झुनझुनवाला नई एयरलाइन के लिए टीम में इंडिगो और जेट एयरवेज के पूर्व CEO को जोड़ने की योजना बना रहे हैं।
नई एयरलाइन Akasa Air ऐसे दौर में लॉन्च करने की योजना बनाई जा रही है जब देश की एविएशन इंडस्ट्री महामारी के कारण भारी नुकसान का सामना कर रही है।
हालांकि, एविएशन सेक्टर के लिए लंबी अवधि की संभावनाओं को देखते हुए बोइंग और एयरबस के लिए यह एक बड़ा मार्केट है।
बोइंग के लिए यह एक बड़ा मौका होगा क्योंकि उसके पास देश में 737 विमान के लिए स्पाइसजेट को छोड़कर कोई बड़ी एयरलाइन नहीं है।
हालांकि, इस बारे में बोइंग ने कोई टिप्पणी नहीं की है।
नई एयरलाइन के बारे में अभी तक बहुत अधिक जानकारी नहीं मिली है। झुनझुनवाला ने ब्लूमबर्ग को बताया है कि वह नई एयरलाइन में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी लेने की योजना बना रहे हैं। एयरलाइन के लिए चार वर्षों के अंदर 70 विमान खरीदने की योजना है। इन विमानों में 180 तक सीटें होंगी।