Jindal Supreme IPO Listing: स्टील के पाइप और ट्यूब समेत अन्य प्रोडक्ट्स बनाने वाली जिंदल सुप्रीम के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों को धमाकेदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल 177 गुना भरा था। इसके आईपीओ के तहत ₹93 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹121.90 और NSE पर ₹120.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 31% तक का लिस्टिंग गेन (Jindal Supreme Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर BSE पर यह ₹127.99 (Jindal Supreme Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 37.62% मुनाफे में हैं।
Jindal Supreme IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
जिंदल सुप्रीम का ₹125 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 16-18 सितंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का धमाकेदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 177.03 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 126.41 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 326.84 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 141.75 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत ₹100 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹10 की फेस वैल्यू वाले ₹25 करोड़ के 26,86,851 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹71.00 करोड़ कर्ज हल्का करने, ₹16.85 करोड़ आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और ₹15.05 करोड़ आईपीओ से जुड़े एक्सपेंसेज पर खर्च होंगे।
Jindal Supreme के बारे में
जिंदल सुप्रीम स्टील के पाइप और ट्यूब समेत अन्य प्रोडक्ट्स बनाती है और सप्लाई करती है। इसके प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल इंफ्रास्ट्रक्चर और इंडस्ट्रियल एप्लीकेशन्स में होता है। इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में माइल्ड स्टील ब्लैक पाइप और ट्यूब, गैल्वेनाइज्ड पाइप, मेटल बीम क्रैश बैरियर्स और गैल्वेनाइज्ड आयरन ट्यूब्यूलर पोल्स हैं, जिनका इस्तेमाल वाटर सप्लाई और प्लंबिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और कंस्ट्रक्शन, सड़कें, पुल, ऑयल एंड गैस, केमिकल्स, एग्रीकल्चर, और गांवों में बिजली पहुंचाने में होता है। मुख्य रूप से यह बी2बी बिजनेस मॉडल पर काम करती है। इसकी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी हरियाणा के हिसार में है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसकी सेहत में पिछले तीन वित्त वर्ष में उठा-पटक दिख रही है। वित्त वर्ष 2024 में ₹12.87 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹24.27 करोड़ से इसे वित्त वर्ष 2026 में इसे ₹22.53 करोड़ शुद्ध मुनाफा मिला तो दूसरी तरफ टोटल इनकम वित्त वर्ष 2024 में ₹650.88 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹604.74 करोड़ से वित्त वर्ष 2026 में ₹675.94 करोड़ पर पहुंच गया। अब चालू वित्त वर्ष 2027 में बात करें तो पहली तिमाही अप्रैल-जून 2026 में इसे ₹8.28 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹191.09 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हुआ। जून 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹92.46 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹64.56 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।