Jio Financial Services Share Price : जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (JFSL) के शेयरों में आज 5 फरवरी को 14 फीसदी तक की दमदार रैली आई है। इस समय यह स्टॉक 13.18 फीसदी बढ़कर 287.20 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, इंट्राडे में इसने 295.70 रुपये के अपने 52-वीक हाई को छू लिया। दरअसल, एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पेटीएम (Paytm) की पेरेंट कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस (One 97 Communications) अपने वॉलेट बिजनेस को बेचने के लिए जियो फाइनेंशियल और एचडीएफसी बैंक के साथ बातचीत कर रही है। इस खबर के चलते कंपनी के शेयरों में आज जमकर खरीदारी हो रही है।
नवंबर से चल रही है जियो फाइनेंशियल से बातचीत!
पेटीएम पिछले नवंबर से कथित तौर पर जियो फाइनेंशियल के साथ बातचीत कर रहा है। इसके अलावा, पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिबंध से ठीक पहले एचडीएफसी बैंक के साथ बातचीत शुरू हुई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि एक बड़ी बेलआउट प्लान के हिस्से के रूप में Jio पेटीएम पेमेंट्स बैंक का अधिग्रहण करने की पेशकश कर सकता है। इस खबर के बीच जहां JFSL के शेयरों में दमदार रैली देखी गई तो वहीं दूसरी ओर पेटीएम में आज भी लोअर सर्किट लगा है। इसके अलावा, HDFC Bank के शेयर फ्लैट ट्रेड कर रहे हैं।
ED की जांच पर आया पेटीएम का बयान
4 फरवरी को एक एक्सचेंज फाइलिंग में पेटीएम ने एंटी मनी-लॉन्ड्रिंग एक्टिविटी के लिए कंपनी, उसके सहयोगियों और/या इसके फाउंडर और CEO विजय शेखर शर्मा पर एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट द्वारा किसी भी जांच से स्पष्ट रूप से इनकार किया। कंपनी ने आगे कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक का हालिया निर्देश चल रही सुपरवाइजरी इंगेजमेंट और कंप्लायंस प्रोसेस का हिस्सा है।
RBI ने पेटीएम पर उठाए हैं सख्त कदम
बता दें कि पेटीएम पर हाल ही में RBI ने सख्त कदम उठाए थे। पेटीएम पेमेंट बैंक की ज्यादातर सेवाओं पर रोक लगा दी गई है। बैंक के ग्राहकों को सिर्फ अपने पैसे निकालने की इजाजत है। RBI के निर्देश इस महीने के अंत में लागू होंगे।