Jio Platforms IPO: जानिए वैल्यूएशन, रेवेन्यू और मुनाफे के मामले में भारती एयरटेल के मुकाबले कितना मजबूत है जियो प्लेटफॉर्म्स

Jio Platforms IPO: रेवेन्यू, EBIT मार्जिन और सब्सक्राइबर बेस के मामले में एयरटेल इंडिया की तुलना में जियो काफी आगे बना हुआ है। जानकारों का मानना है कि कंपनी की आगे की ग्रोथ के लिए टैरिफ में बढ़ोतरी की अहम भूमिका होगी

अपडेटेड Oct 15, 2026 पर 5:43 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Jio vs Airtel : मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि जियो प्लेटफॉर्म्स के बाजार में उतरने के बाद, टैरिफ बढ़ाने की संभावना और मजबूत हो गई है

Jio Platforms IPO : टेलीकॉम दिग्गज जियो प्लेटफॉर्म्स शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। ऐसे में मार्केट एनालिस्ट और निवेशक इसकी तुलना इसके सबसे करीबी प्रतिस्पर्धी, भारती एयरटेल से कर रहे हैं। इस तुलना से पता चलता है कि एयरटेल इंडिया की तुलना में जियो प्लेटफॉर्म्स का मार्केट कैप अधिक है। जियो का रेवेन्यू, EBIT और कस्टमर बेस एयरटेल से ज्यादा। एन्लिस्ट्स को उम्मीद है कि टैरिफ में बढ़ोतरी से आगे कंपनी की कमाई बढ़ेगी।

Jio Vs Airtel : दोनों कंपनियों के मार्केट कैप पर एक नजर

भारती एयरटेल का मार्केट कैपिटलाइजेशन 11.2 लाख करोड़ रुपये के आसपास है। जबकि जियो प्लेटफॉर्म्स का मार्केट कैपिटलाइजेशन 10.3 लाख करोड़ रुपये (पोस्ट-मनी बेसिस पर) के आसपास होगा। हालांकि, भारती एयरटेल के मार्केट कैपिटलाइजेशन में एयरटेल अफ्रीका, इंडस टावर्स और अन्य होल्डिंग्स में कंपनी का निवेश भी शामिल है। इसलिए,नोमुरा होल्डिंग्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक एयरटेल इंडिया का मार्केट कैपिटलाइजेशन लगभग 9.5 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है।


Jio Vs Airtel : वैल्यूएशन

नोमुरा का अनुमान है कि एक साल के आगे की कमाई के आधार पर जियो का EV/EBITDA 10.9 गुना(ऊपरी प्राइस बैंड पर) है। वहीं, भारती के भारत के कारोबार के लिए नोमुरा ने FY28 का EV/EBITDA मल्टीपल 9.2 गुना बताया है, जो जियो प्लेटफॉर्म्स के मुकाबले 15 प्रतिशत कम है।

Jio Vs Airtel : वित्तीय प्रदर्शन

जियो के रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) के मुताबिक जून 2027 को समाप्त तिमाही में जियो प्लेटफॉर्म्स की कामकाजी आय 39,173 करोड़ रुपये रही। इसमें सालाना आधार पर 11.8 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली है। वहीं, एयरटेल इंडिया की कामकाजी आय 37,389 करोड़ रुपये रही, जिसमें सालाना आधार पर 10.6 प्रतिशत की बढ़त रही।

एयरटेल इंडिया अपने नेट प्रॉफिट की जानकारी नहीं देती है, इसलिए मुनाफे की तुलना केवल इसके EBIT के आधार पर ही की जा सकती है। इस तिमाही में, जियो का EBIT 13,407 करोड़ रुपये रहा, जबकि एयरटेल इंडिया का EBIT 11,870 करोड़ रुपये था। जियो का EBIT मार्जिन 34.2 प्रतिशत रहा, जो एयरटेल इंडिया के 31.8 प्रतिशत से ज्यादा है।

Jio Vs Airtel : कारोबारी प्रदर्शन

आईपीओ के लिए जमा किए गए RHP के अनुसार, जून 2026 के अंत में जियो के पास 53.33 करोड़ ग्राहक थे, जबकि एयरटेल इंडिया के पास 49.19 करोड़ ग्राहक थे। हालांकि,इस तिमाही के दौरान जियो ने 89 लाख नए ग्राहक जोड़े, जो एयरटेल इंडिया के 95 लाख ग्राहकों की तुलना में थोड़े कम हैं।

जून तिमाही में जियो का कुल डेटा ट्रैफिक 69.4 अरब GB रहा, जो एक साल पहले के 54.7 अरब GB से 27 प्रतिशत अधिक है। एयरटेल इंडिया का मोबाइल डेटा ट्रैफिक एक साल पहले की समान अवधि के 22.8 अरब GB से बढ़कर 31.1 अरब GB हो गया। हालांकि, इनकी सीधे तौर पर तुलना नहीं की जा सकती, क्योंकि जियो के आंकड़ों में सभी ग्राहक शामिल हैं, जबकि एयरटेल इंडिया के डेटा ट्रैफिक और इस्तेमाल के आंकड़े केवल मोबाइल ग्राहकों से संबंधित हैं।

कितनी आसान होगी आगे की डगर?

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि जियो प्लेटफॉर्म्स के बाजार में उतरने के बाद, टैरिफ बढ़ाने की संभावना और मजबूत हो गई है। नोमुरा का कहना है कि चूंकि आसानी से नए ग्राहक मिलने का दौर अब खत्म होने वाला है, इसलिए कमाई बढ़ाने के लिए टैरिफ में बढ़ोतरी ही मुख्य जरिया बन सकती है।

मोतीलाल ओसवाल ने दिसंबर 2026 में 15 प्रतिशत टैरिफ बढ़ोतरी का अनुमान लगाया है। इससे यह स्पष्ट होता है कि दोनों बड़ी टेलीकॉम कंपनियां FY26-29 के दौरान 15 प्रतिशत का EBITDA CAGR (ईबीआईटीडीए सीएजीआर) हासिल कर सकती हैं।

 

जियो प्लेटफॉर्म्स दूसरे देशों में अपनी टेलीकॉम टेक्नोलॉजी मॉडल का इस्तेमाल करेगी, आकाश अंबानी ने बताया पूरा प्लान

 

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।