अदाणी पावर ने जेपी पावर में ली हिस्सेदारी; निवेशकों में शेयर खरीदने की होड़, 20% का लगा अपर सर्किट
JP Power Share Price: अदाणी पावर के जेपी पावर में हिस्सेदारी खरीदने के ऐलान के बाद निवेशकों में शेयर खरीदने की होड़ मच गई। स्टॉक 20 प्रतिशत के अपर सर्किट पर पहुंच गया। जानिए सौदे की पूरी डिटेल और कंपनी के कारोबार की स्थिति।
जेपी पावर के शेयर बुधवार को 20% के अपर सर्किट के साथ 22.95 रुपये पर पहुंच गए।
JP Power Share Price: अदाणी ग्रुप की अदाणी पावर ने जयप्रकाश पावर वेंचर्स (JPVL) में 24 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है। इसके बाद बुधवार को जेपी पावर के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कंपनी का शेयर एनएसई पर 20 प्रतिशत के अपर सर्किट के साथ 22.95 रुपये पर पहुंच गया।
24% हिस्सेदारी खरीदने का हुआ समझौता
अदाणी पावर ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड (जेएएल) और अदाणी पावर लिमिटेड (APL) के बीच शेयर बिक्री और खरीद समझौते (Share Sale and Purchase Agreement) पर हस्ताक्षर हुए हैं। इस समझौते के तहत जेएएल, जयप्रकाश पावर वेंचर्स में अपनी 24 प्रतिशत हिस्सेदारी अदाणी पावर को बेचेगी।
कंपनी के मुताबिक, इस हिस्सेदारी की खरीद के लिए करीब 2,993.60 करोड़ रुपये का सौदा तय हुआ है।
कुल 4,193 करोड़ रुपये से ज्यादा का सौदा
पिछले हफ्ते अदाणी पावर ने बताया था कि उसने जयप्रकाश एसोसिएट्स से जयप्रकाश पावर वेंचर्स में 24 प्रतिशत हिस्सेदारी और कुछ थर्मल पावर एसेट्स खरीदने के लिए अंतिम समझौते किए हैं। इस पूरे सौदे की कीमत करीब 4,193.59 करोड़ रुपये है।
कंपनी के मुताबिक, 24 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए 2,993.60 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा जयप्रकाश एसोसिएट्स के चुरक स्थित 180 मेगावाट के थर्मल पावर प्लांट और उससे जुड़ी एसेट्स के लिए 1,200 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
प्रयागराज पावर जेनरेशन में भी हिस्सेदारी
इस सौदे में केवल पावर प्लांट ही नहीं, बल्कि प्रयागराज पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड में जयप्रकाश एसोसिएट्स की 11.49 प्रतिशत हिस्सेदारी भी शामिल है। यह हिस्सेदारी भी अदाणी पावर को ट्रांसफर की जाएगी।
एनसीएलटी के मंजूर रिजोल्यूशन प्लान का हिस्सा
अदाणी पावर ने 19 मार्च 2026 को शेयर बाजारों को जानकारी दी थी कि उसने एनसीएलटी द्वारा मंजूर जयप्रकाश एसोसिएट्स के रिजोल्यूशन प्लान में कार्यान्वयन इकाई (Implementing Entity) के रूप में शामिल होने में सैद्धांतिक रुचि दिखाई है।
कंपनी का कहना है कि ये अंतिम समझौते उसी मंजूर रिजोल्यूशन प्लान को लागू करने की प्रक्रिया के तहत किए गए हैं।
क्या करती है जयप्रकाश पावर वेंचर्स?
जयप्रकाश पावर वेंचर्स बिजली उत्पादन के कारोबार में सक्रिय है। कंपनी थर्मल और हाइड्रो दोनों तरह की बिजली परियोजनाएं चलाती है। इसके अलावा कंपनी की मौजूदगी कोयला खनन, बालू खनन और सीमेंट ग्राइंडिंग कारोबार में भी है।
फिलहाल कंपनी के पास कुल 2,220 मेगावाट क्षमता वाले तीन बिजली संयंत्र हैं। इसके साथ ही 20 लाख टन सालाना क्षमता वाली सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट और 39.2 लाख टन सालाना क्षमता वाली कोयला खदान भी मौजूद है।
जेपी पावर के शेयरों का हाल
जेपी पावर के शेयर बुधवार को 20% के अपर सर्किट के साथ 22.95 रुपये पर पहुंच गए। पिछले 6 महीने में स्टॉक 23.06% चढ़ा है। वहीं, 1 साल में इसने 51% का रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 15.73 हजार करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।