JSW Cement IPO: JSW ग्रुप की कंपनी JSW सीमेंट IPO की मदद से 4,000 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसके लिए कंपनी जल्द ही मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर सकती है। यह जानकारी मनीकंट्रोल को मामले की जानकारी रखने वालों से मिली है। सीमेंट सेक्टर में इससे पहले अगस्त 2021 में नुवोको विस्टास अपना 5,000 करोड़ रुपये का IPO लेकर आई थी।
सोर्सेज के मुताबिक, IPO में 2,000 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जा सकते हैं। साथ ही इतनी ही राशि का ऑफर फॉर सेल (OFS) हो सकता है। OFS में अपोलो ग्लोबल मैनेजमेंट, सिनर्जी मेटल्स इनवेस्टमेंट होल्डिंग और SBI जैसे बाहरी निवेशक, शेयरों को बिक्री के लिए रख सकते हैं। जेएम फाइनेंशियल, कोटक महिंद्रा कैपिटल, जेफरीज, एक्सिस कैपिटल, डीएएम कैपिटल, सिटी, गोल्डमैन सैक्स और एसबीआई कैपिटल शेयर बिक्री का प्रबंधन करने वाले इनवेस्टमेंट बैंक हैं।
जुलाई 2021 में कंपनी ने दो ग्लोबल प्राइवेट इक्विटी इनवेस्टर अपोलो ग्लोबल मैनेजमेंट इंक और सिनर्जी मेटल्स इनवेस्टमेंट्स होल्डिंग लिमिटेड से 1,500 करोड़ रुपये जुटाए थे। दिसंबर 2021 में, SBI ने माइनॉरिटी स्टेक खरीदा था।
देश के टॉप 5 सीमेंट प्रोड्यूसर्स में शामिल होना चाहती है कंपनी
JSW सीमेंट का लक्ष्य शुरुआती शेयर बिक्री के माध्यम से ग्रोथ कैपिटल जुटाना और अगले 5 वर्षों के अंदर 6 करोड़ टन प्रति वर्ष की क्षमता के साथ देश के टॉप 5 सीमेंट प्रोड्यूसर्स में से एक बनना है। मार्च 2024 तक JSW सीमेंट की क्षमता 20.6 mtpa थी। इनमें से दक्षिण भारत में क्षमता 11.0 mtpa, पूर्वी भारत में 5.1 mtpa और पश्चिमी भारत में 4.5 mtpa थी।
कंपनी के प्लांट कर्नाटक के विजयनगर, आंध्र प्रदेश के नांदयाल, पश्चिम बंगाल के सालबोनी, ओडिशा के जाजपुर और महाराष्ट्र के डोलवी में हैं। इसके अलावा, JSW सीमेंट अपनी सहायक कंपनी शिवा सीमेंट के माध्यम से ओडिशा में क्लिंकर यूनिट भी संचालित करती है।