पेंट कंपनी JSW ड्यूलक्स लिमिटेड का स्टॉक स्प्लिट होने वाला है। इस कॉरपोरेट एक्शन की घोषणा अगस्त महीने में हुई थी। कंपनी का 10 रुपये फेस वैल्यू वाला एक शेयर 1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में टूट जाएगा। रिकॉर्ड डेट 22 अक्टूबर 2026 है। स्टॉक स्प्लिट में एक कंपनी अपने मौजूदा शेयरों को छोटे टुकड़ों में तोड़ देती है। इससे निवेशकों के पास शेयरों की संख्या बढ़ जाती है लेकिन उसी अनुपात में प्रति शेयर कीमत घट जाती है। निवेशकों के निवेश की कुल वैल्यू नहीं बदलती।
इस कदम का मकसद शेयरों को किफायती बनाना होता है। बहुत ज्यादा कीमत वाले शेयर छोटे निवेशकों की पहुंच से बाहर हो जाते हैं। स्प्लिट के बाद शेयर सस्ते हो जाते हैं, जिससे अधिक नए निवेशक जुड़ने की संभावना रहती है।
JSW Dulux का पुराना नाम एक्जो नोबेल इंडिया था। दिसंबर 2025 में JSW पेंट्स लिमिटेड Akzo Nobel Coatings International B.V. से हिस्सेदारी खरीदकर कंपनी की नई प्रमोटर और होल्डिंग कंपनी बन गई। JSW पेंट्स अब JSW Dulux में 61.20 प्रतिशत हिस्सेदारी की मालिक है। कंपनी के लिस्टेड कॉम्पिटीटर्स में एशियन पेंट्स, कंसाई नेरोलैक पेंट्स, इंडिगो पेंट्स शामिल हैं।
JSW Dulux का मार्केट कैप 13700 करोड़ से ज्यादा
कंपनी के शेयर की वर्तमान कीमत BSE पर 3020.75 रुपये है। शेयर BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। JSW Dulux का मार्केट कैप 13,700 करोड़ रुपये से ज्यादा है। BSE पर शेयर का 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 3,746.70 रुपये और एडजस्टेड लो 2,649.05 रुपये है। अपर प्राइस बैंड 3,624.90 रुपये और लोअर प्राइस बैंड 2,416.60 रुपये है। सर्किट लिमिट 20 प्रतिशत है।
अप्रैल-जून 2026 तिमाही में कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 12.4 प्रतिशत घटकर 79.7 करोड़ रुपये पर आ गया। एक साल पहले मुनाफा 91 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 2.82 प्रतिशत की कमी के साथ 965 करोड़ रुपये रहा, जो जून 2025 तिमाही में 993.1 करोड़ रुपये था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।