JSW एनर्जी के शेयरों में 15 जून को दिन में लगभग 3 प्रतिशत तक की बढ़त दिखाई दी। BSE पर शेयर 575.15 रुपये के हाई तक गया। बाद में 1 प्रतिशत बढ़त के साथ 565.20 रुपये पर सेटल हुआ।शेयर में खरीद बढ़ने की वजह है मारुति क्लीन कोल एंड पावर को खरीदने का ऐलान। JSW एनर्जी ने शनिवार को शेयर बाजारों को जानकारी दी थी कि वह मारुति क्लीन कोल एंड पावर में पूरे 100% इक्विटी शेयर खरीदेगी। इसके लिए Kolahai Infotech Private Limited और SFI Parcel Services Private Limited के साथ एक समझौता किया गया है।
मारुति क्लीन कोल छत्तीसगढ़ में 300 MW का थर्मल पावर प्रोजेक्ट चलाती है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में अपने कामकाज से 787 करोड़ रुपये का रेवेन्यू कमाया। डील की एंटरप्राइज वैल्यू 1,410 करोड़ रुपये है। ट्रांजेक्शन 31 जुलाई 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। ट्रांजेक्शन पूरा होने के बाद मारुति क्लीन कोल, JSW Energy के 100 प्रतिशत मालिकाना हक वाली सहायक कंपनी बन जाएगी।
हालांकि इस खरीद पर अभी रेगुलेटर्स से जरूरी मंजूरियां लिया जाना बाकी है। JSW Energy ने यह भी बताया था कि उसे CSIDC यानि कि छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम की जमीन के ट्रांसफर के लिए छत्तीसगढ़ सरकार से मंजूरी भी चाहिए। साथ ही मौजूदा लेंडर्स से भी मंजूरी की जरूरत है।
Maruti Clean Coal की खरीद से JSW Energy को क्या फायदा
मारुति क्लीन कोल की खरीद JSW Energy को अपना दायरा और क्षमता बढ़ाने में मदद करेगी। कंपनी ने वित्त वर्ष 2030 तक 30 GW क्षमता तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है। JSW एनर्जी अभी 5,658 MW की इंस्टॉल्ड थर्मल कैपेसिटी के साथ काम कर रही है। इसके अलावा, इसके सालबोनी थर्मल पावर प्लांट में 3,200 MW की क्षमता का निर्माण चल रहा है। महानदी में ब्राउनफील्ड विस्तार के लिए 1,800 MW की क्षमता पाइपलाइन में है। मारुति क्लीन कोल की खरीद पूरी होने के बाद कंपनी की कुल इंस्टॉल्ड थर्मल कैपेसिटी 5,958 MW और लॉक-इन थर्मल कैपेसिटी 10,958 MW हो जाएगी।
JSW एनर्जी की मौजूदा कुल लॉक-इन जनरेशन कैपेसिटी 32.1 GW है। इसमें थर्मल, हाइड्रो और रिन्यूएबल सेक्टर में 13.9 GW की चालू क्षमता और 13.6 GW की निर्माणाधीन क्षमता है। साथ ही 4.6 GW की क्षमता पाइपलाइन में है। कंपनी के पास 29.6 GWh की लॉक-इन एनर्जी स्टोरेज कैपेसिटी भी है, जिसमें 26.4 GWh के पंप-हाइड्रो स्टोरेज और 3.2 GWh की बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम शामिल हैं।
JSW Energy एक महीने में 10 प्रतिशत चढ़ा
कंपनी का मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर एक महीने में लगभग 10 प्रतिशत चढ़ा है। 3 साल में कीमत 115 प्रतिशत मजबूत हुई है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। मई महीने में ब्रोकरेज ICICI Securities ने शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग के साथ 700 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया था। प्रभुदास लीलाधर ने 'बाय' रेटिंग के साथ 644 रुपये का टारगेट दिया था। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 639 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 442 करोड़ रुपये रहा।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।