Jungle Camps IPO Listing: जंगल कैम्प्स इंडिया के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में धांसू एंट्री हुई लेकिन फिर मुनाफावसूली के चलते टूटकर यह लोअर सर्किट पर आ गया। इसके आईपीओ को ओवरऑल 494 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत 72 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी 136.80 रुपये पर एंट्री हुई यानी कि आईपीओ निवेशकों को 90 फीसदी का लिस्टिंग गेन (Jungle Camps Listing Gain) मिला। हालांकि आईपीओ निवेशकों की खुशी थोड़ी ही देर में फीकी हो गई जब 143.64 रुपये के हाई तक जाने के बाद शेयर टूट गए। टूटकर यह 129.96 रुपये (Jungle Camps Share Price) के लोअर सर्किट पर आ गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 80.50% मुनाफे में हैं।
Jungle Camps IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
जंगल कैम्प्स का ₹29.42 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 10-12 दिसंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 494.58 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 196.52 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 760.48 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 551.2 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 40,86,400 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल एमपी के संजय डुबरी नेशनल पार्क में प्रोजेक्ट डेवलपमेंट, एमपी के पेंच नेशनल पार्क में मौजूदा पेंच जंगल कैंप के रिनोवेशन, यूपी के मथुरा के मथुरा होटल प्रोजेक्ट के कैपिटल एक्सपेंडिचर के लिए सब्सिडियरी मधुवन हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड में निवेश और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
वर्ष 2002 में बनी जंगल कैम्प्स इंडिया वाइल्डलाइफ कैम्प्स और होटल्स, मोटल्स, इन्स, गेस्ट हाउस, हॉलिडे होम्स, हेल्थ क्लब, कैटरिंग हाउस और रेस्टोरेंट्स ऑपरेट करती है। इसके पास विला, कॉटेज, डीलक्स रूम और सफारी टेंट्स में 87 रूम हैं। यह बंकेट हॉल्स, मीटिंग रूम, रेस्टोरेंट्स, बार, कैफे, स्विमिंग पूल्सस और स्पा फैसिलिटीज मुहैया कराती है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2022 में इसे 72.86 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2023 में गिरकर 44.92 रुपये पर आ गया लेकिन फिर स्थिति तेजी से सुधरी और वित्त वर्ष 2024 में मुनाफा तेजी से उछलकर 3.59 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 52 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 18.11 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की बात करें तो पहली तिमाही अप्रैल-जून 2024 में इसे 1.10 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 5.72 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।