हाल ही में लिस्ट हुई कंपनी जूनिपर ग्रीन एनर्जी के शेयरों में 27 अगस्त को पहले पिछले बंद भाव से 5 प्रतिशत से ज्यादा तेजी और फिर 5 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। BSE पर शेयर 282.50 रुपये के रिकॉर्ड हाई और 254.05 रुपये के इंट्राडे लो तक गया। कंपनी ने एक दिन पहले तिमाही नतीजे जारी किए थे। अप्रैल-जून 2026 तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 54 प्रतिशत बढ़कर 33.45 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 21.68 करोड़ रुपये था।
ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 81 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 291.19 करोड़ रुपये रहा, जो जून 2025 तिमाही में 160.66 करोड़ रुपये था। कुल खर्च 29.72 करोड़ रुपये के रहे, जो जून 2025 तिमाही में 22.64 करोड़ रुपये के थे। जून 2026 तिमाही में EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) सालाना आधार पर 86 प्रतिशत बढ़कर 294 करोड़ रुपये हो गया। EBITDA मार्जिन 300 बेसिस पॉइंट्स की बढ़ोतरी के साथ 91 प्रतिशत रहा।
जूनिपर ग्रीन एनर्जी लिमिटेड रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में एक इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर (IPPs) है। यह यूटिलिटी-स्केल रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स को डेवलप करने, बनाने, ऑपरेट करने और मेंटेन करने का काम करती है। कंपनी बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) के साथ सोलर, विंड, विंड-सोलर हाइब्रिड और फर्म एंड डिस्पैचेबल रिन्यूएबल एनर्जी (FDRE) प्रोजेक्ट्स डेवलप करती है। कंपनी पर जून 2026 के आखिर तक 11,217 करोड़ रुपये का शुद्ध बकाया कर्ज था। ऑपरेशनल पोर्टफोलियो के लिए शुद्ध कर्ज 7,183 करोड़ रुपये था।
जूनिपर ग्रीन एनर्जी ने जून 2026 तिमाही में 601 MWp की अब तक की सबसे ज्यादा तिमाही रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता चालू की। इसमें 458 MWp की सोलर और 143 MW की विंड कैपेसिटी शामिल है। कंपनी ने तिमाही के दौरान लगभग 403 MWh की बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) क्षमता भी चालू की। 30 जून 2026 तक कंपनी की चालू रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता 2,409 MWp थी।
अगस्त की शुरुआत में लिस्ट हुई थी Juniper Green Energy
जूनिपर ग्रीन एनर्जी इस साल अगस्त की शुरुआत में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई। इसका IPO 1800 करोड़ रुपये का था। कंपनी का मार्केट कैप 14600 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। कंपनी में 5 अगस्त 2026 तक प्रमोटर्स के पास 85.94 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर के लिए BSE पर 10 प्रतिशत सर्किट लिमिट के साथ अपर प्राइस बैंड 294.40 रुपये और लोअर प्राइस बैंड 240.90 रुपये है।
जूनिपर ग्रीन एनर्जी ने एक दिन पहले SJVN Limited के साथ 25 सालों का एक पावर परचेज एग्रीमेंट साइन किया। यह 4.25 रुपये प्रति kWh की कीमत पर 50 मेगावाट के FDRE प्रोजेक्ट के लिए है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।