स्पाइस आइलैंड्स इंडस्ट्रीज का स्टॉक 5 छोटे टुकड़ों में टूटने वाला है। कॉरपोरेट एक्शन के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाला एक शेयर, 2 रुपये फेस वैल्यू वाले 5 शेयरों में बंट जाएगा। स्टॉक स्प्लिट के लिए रिकॉर्ड डेट 28 अगस्त 2026 है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में दर्ज होंगे, उनके शेयर स्प्लिट हो जाएंगे।
स्पाइस आइलैंड्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड एक डायवर्सिफाइड एंटरप्राइज है। इसकी FMCG, हॉस्पिटैलिटी और क्लीन मोबिलिटी के क्षेत्रों में मौजूदगी है। FMCG सेक्टर में इसका एक कार्बोनेटेड बेवरेज ब्रांड Rogers 1837 है। साथ ही एक स्नैक ब्रांड Procketrz है। इसके अलावा कंपनी के गुजरात के द्वारका और सोमनाथ में होटल और रिजॉर्ट हैं। सब्सिडियरी Ferry Automotive Pvt. Ltd. के जरिए इसका एक इलेक्ट्रिक टूव्हीलर Scooterr भी है।
स्पाइस आइलैंड्स इंडस्ट्रीज का पुराना नाम स्पाइस आइलैंड्स अपैरल्स लिमिटेड था। शेयर में 27 अगस्त को गिरावट है। कंपनी का मार्केट कैप 300 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 549 रुपये और एडजस्टेड लो 70.55 रुपये है।
5 साल में Spice Islands Industries का शेयर 8700 प्रतिशत चढ़ा
कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 43.11 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 5 साल में 8700 प्रतिशत, 3 साल में 2800 प्रतिशत और 2 साल में 1000 प्रतिशत से ज्यादा मजबूत हुआ है। एक साल में कीमत 500 प्रतिशत और साल 2026 में अब तक 160 प्रतिशत से ज्यादा उछली है। 6 महीनों में शेयर 87 प्रतिशत और 3 महीनों में 28 प्रतिशत की बढ़त देख चुका है। शेयर के लिए BSE पर 5 प्रतिशत सर्किट लिमिट के साथ अपर प्राइस बैंड 509.70 रुपये और लोअर प्राइस बैंड 461.20 रुपये है।
स्पाइस आयलैंड्स इंडस्ट्रीज का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 17.83 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 1.40 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग 2.24 करोड़ रुपये दर्ज की गई। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 17.89 करोड़ रुपये, शुद्ध मुनाफा 5.66 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग 11.45 करोड़ रुपये रही।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।