Jupiter wagons share price: जुपिटर वैगन्स के शेयर 25 नवंबर यानी बुधवार को बाजार खुलते ही रॉकेट बन गए। 20 फीसदी चढ़ने के बाद शेयर में अपर सर्किट लग गया। इस तेजी की वजह एक खबर है। दरअसल, जुपिटर वैगन्स ने वोजिन इंडस्ट्रियल सिस्टम्स से हाथ मिलाया है। यह दक्षिण कोरिया की कंपनी है। दोनों कंपनियों ने एक जॉइंट वेंचर बनाने के लिए समझौता किया है। यह जॉइंट वेंचर भारत में मेट्रो कोच और प्रोपल्शन सिस्टम बनाएगी।
जॉइंट वेंचर में जुपिटर वैगन्स की 80 फीसदी हिस्सेदारी
इस प्रस्तावित जॉइंट वेंचर में Jupiter Wagons की 80 फीसदी हिस्सेदारी होगी, जबकि दक्षिण कोरिया की Woojin Industrial Systems के पास बाकी 20 फीसदी हिस्सेदारी रहेगी। इस साझेदारी के साथ Jupiter Wagons रेलवे कारोबार के दो हाई-टेक सेगमेंट में कदम रखने जा रही है। इनमें मेट्रो कोच और प्रोपल्शन सिस्टम शामिल हैं। जॉइंट वेंचर के तहत भारत में मेट्रो कोच के साथ-साथ कई अहम कंपोनेंट्स का भी निर्माण किया जाएगा। इनमें प्रोपल्शन सिस्टम, ट्रेन कंट्रोल एंड मैनेजमेंट सिस्टम (TCMS), ऑटोमैटिक डोर सिस्टम, बोगी और एल्युमीनियम कार बॉडी शेल शामिल हैं।
Woojin जॉइंट वेंचर को अपनी टेक्नोलॉजी उपलब्ध कराएगी
इस समझौते के तहत Woojin अपनी टेक्नोलॉजी और इंजीनियरिंग विशेषज्ञता उपलब्ध कराएगी। इसके लिए कंपनी टेक्नोलॉजी ट्रांसफर का विशेष समझौता करेगी। दक्षिण कोरियाई कंपनी ने 2019 से अब तक अपने घरेलू बाजार में 2,200 से ज्यादा मेट्रो और कम्यूटर रेल कारों के ऑर्डर हासिल किए हैं। Jupiter Wagons के मुताबिक, जॉइंट वेंचर के तहत बनने वाले प्रोपल्शन सिस्टम का इस्तेमाल सिर्फ मेट्रो ट्रेनों तक सीमित नहीं रहेगा। इनकी आपूर्ति वंदे भारत ट्रेनसेट, इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (EMU), सेमी हाई-स्पीड और हाई-स्पीड ट्रेनों के लिए भी होगी।
जुपिटर वैगन्स की पैसेंजर रेल सेगमेंट में पैठ बनाने की कोशिश
कंपनी का यह कदम फ्रेट वैगन कारोबार से आगे बढ़कर पैसेंजर रेल सेगमेंट में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है। इससे पहले अक्टूबर में Jupiter Wagons ने पोलैंड की कंपनी PESA के साथ भी पैसेंजर रोलिंग स्टॉक सेगमेंट में सहयोग के लिए एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर हस्ताक्षर किए थे। भारत में पैसेंजर रेल सेगमेंट में बढ़ते अवसरों के बीच Jupiter Wagons इस कारोबार में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही है। इस क्षेत्र में Titagarh Rail Systems पहले से मौजूद है।
Titagarh Rail Systems पहले से इस सेगमेंट में मौजूद
FY27 की पहली छमाही में Titagarh Rail Systems के कुल रेवेन्यू में पैसेंजर रेल कारोबार की हिस्सेदारी 34 फीसदी थी। वहीं, कंपनी की रेलवे ऑर्डर बुक में इस सेगमेंट का योगदान 72 फीसदी था। Titagarh पहले संकेत दे चुकी है कि पर्याप्त वॉल्यूम मिलने पर प्रोपल्शन सिस्टम कारोबार में 15-20 फीसदी तक मार्जिन हासिल किया जा सकता है। भारत में सरकार का फोकस रेलवे को आधुनिक बनाने पर है। इस वजह से रेले से जुड़े क्षेत्र में प्राइवेट कंपनियों के बड़े मौके बन रहे हैं। जुपिटर वैगन्स जैसी कंपनियां इसका फायदा उठा रही हैं।
इस साल 34 फीसदी गिरा है जुपिटर वैगन्स का शेयर
जुपिटर वैगन्स का शेयर 25 नवंबर को 194 रुपये पर खुला। उसके बाद उसमें तूफानी तेजी दिखी। 10.45 बजे 222 रुपये पर पहुंचने यानी 20 फीसदी चढ़ने के बाद शेयरों में अपर सर्किट लग गया। हालांकि, बीते एक साल में यह शेयर 23 फीसदी गिरा है। इस साल इसमें 34 फीसदी की गिरावट आई है। आज शेयर बाजारों में जबर्दस्त तेजी का भी इस शेयर पर पॉजिटिव असर पड़ा।