Bank Nifty Trend : बैंक निफ्टी में लगभग 1300 अंकों की तेजी, HDFC बैंक और ICICI बैंक 3% से ज्यादा भागे

Bank Nifty Trend :बैंक निफ्टी में लगभग 1,300 अंकों यानी 2 प्रतिशत की तेजी आई है। HDFC बैंक और ICICI बैंक दोनों में 3 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज देखने को मिल रही है। सोमवार की भारी बिकवाली के बाद प्राइवेट बैंकों ने रिकवरी को लीड किया है। जिससे कमजोर ग्लोबल संकेतों के बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है

अपडेटेड Nov 25, 2026 पर 10:34 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Bank Nifty Trend : इस महीने विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार खरीदारी और कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट से घरेलू इक्विटी बाजारों को सपोर्ट मिल रहा है

Bank Nifty Trend : बुधवार, 25 नवंबर को बैंकिंग शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। शुरुआती कारोबार में निफ्टी बैंक इंडेक्स 2 प्रतिशत से अधिक उछल गया। इसमें HDFC बैंक, ICICI बैंक और एक्सिस बैंक जैसे बड़े प्राइवेट बैंकों की अहम भूमिका रही है। एशियाई बाजारों में कमजोरी के बावजूद, सोमवार को हुई भारी बिकवाली के बाद भारतीय शेयर बाजारों में सुधार देखने को मिल रहा है।

फिलहाल बैंक निफ्टी 2.1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 63,865.9 पर कारोबार कर रहा है। इसमें 1,281 अंकों की तेजी है। निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 2.6 प्रतिशत उछलकर 31,450.6 पर पहुंच गया है। ये दोनों बैंकिंग इंडेक्स सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले सेक्टर बन गए हैं। इसकी तुलना में, निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स में 0.5 प्रतिशत की मामूली बढ़त देखने को मिल रही है।

सेंसेक्स-निफ्टी में तेजी


बैंकिंग सेक्टर के बड़े शेयरों में आई तेजी ने बेंचमार्क इंडेक्सों को ऊपर चढ़ने में मदद की है। सेंसेक्स 1,369.4 अंक यानी 1.7 प्रतिशत उछलकर 83,805.4 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 382.9 अंक यानी 1.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,732.6 पर आ गया है।

HDFC बैंक और ICICI बैंक सबसे आगे

बैंकिंग शेयरों में आई तेजी में HDFC बैंक और ICICI बैंक सबसे आगे रहे हैं। HDFC बैंक के शेयर 3.5 प्रतिशत उछलकर 846.3 रुपये पर पहुंच गए,जबकि ICICI बैंक के शेयर 3.2 प्रतिशत बढ़कर 1,635.7 रुपये पर आ गए। ये दोनों शेयर निफ्टी 50 में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले प्रमुख शेयर हैं।

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में 2.9 प्रतिशत की बढ़त दिख रही है। इसके बाद एक्सिस बैंक और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का नंबर है,जिनमें 2.2 प्रतिशत और 2 प्रतिशत की तेजी आई है। कोटक महिंद्रा बैंक 1.9 प्रतिशत ऊपर चढ़ा है। जबकि एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक और इंडसइंड बैंक में 1 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और बैंक ऑफ बड़ौदा में 0.9 प्रतिशत की तेजी आई है।

बैंक निफ्टी के 14 शेयरों में से 12 शेयर हरे रंग में कारोबार कर रहे हैं। जबकि पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और फेडरल बैंक इस रुझान के विपरीत प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें 1.6 प्रतिशत और 0.6 प्रतिशत की गिरावट आई है।

कमजोर ग्लोबल संकेतों के बावजूद बैंकिंग शेयरों में तेजी

कमजोर ग्लोबल संकेतों के बावजूद बैंकिंग शेयरों में सुधार आया है। बुधवार की तेजी में बैंक निफ्टी ने सोमवार को हुए नुकसान के एक बड़े हिस्से की भरपाई कर ली है। सोमवार को बैंकिंग इंडेक्स लगभग 2,050 अंक यानी 3 प्रतिशत से अधिक गिरकर 62,585.4 पर बंद हुआ था। गुरु नानक जयंती के कारण मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार बंद रहे।

ग्लोबल टेक्नोलॉजी शेयरों में कमजोरी और अमेरिका द्वारा नए टैरिफ लगाए जाने की चिंताओं के बीच एशियाई बाजारों में फिर से बिकवाली देखने को मिली है। लेकिन इसके बावजूद हमारे बाजार में रिकवरी आई है। दक्षिण कोरिया का KOSPI 5.3 प्रतिशत तक गिर गया है। जबकि जापान का निक्केई 2.9 प्रतिशत नीचे आ गया है।

बाजार को कहां से मिल रहा सपोर्ट?

इस महीने विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार खरीदारी और कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट से घरेलू इक्विटी बाजारों को सपोर्ट मिल रहा है। सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 5,672 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे,जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,760 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर का कहना है कि ग्लोबल बाजारों में लगातार बनी कमजोरी के बीच,भारतीय इक्विटी के लिए अपनी शुरुआती बढ़त को बनाए रखना बहुत अहम होगा,हालांकि विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार खरीदारी बाजार के सेंटीमेंट को सपोर्ट कर रही है।

 

Market cues : बाजार में तेजी का स्ट्रक्चर अभी भी कायम, गिरावट पर खरीदारी की रणनीति करेगी काम

 

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।