RMC Switchgears के शेयर में लगा 20% का अपर सर्किट! 1 साल में 70% टूटा, लेकिन 5 साल में 830% का रिटर्न दे चुका है स्टॉक
RMC Switchgears को डिस्ट्रीब्यूशन इंफ्रास्ट्रक्चर और सिस्टम मजबूत करने के काम के लिए 521.83 करोड़ रुपये के लेटर ऑफ अवॉर्ड मिले हैं। इसके बाद शेयर 20 फीसदी के अपर सर्किट के साथ 197.70 रुपये पर पहुंच गया। एक साल में करीब 70 फीसदी टूट चुके इस शेयर ने पांच साल में 830 फीसदी का रिटर्न दिया है
RMC Switchgears का शेयर 20 फीसदी के अपर सर्किट के साथ 197.70 रुपये पर पहुंच गया।
521.83 करोड़ रुपये के बड़े ऑर्डर की खबर ने 25 नवंबर को RMC Switchgears के शेयर में जान फूंक दी। कंपनी को डिस्ट्रीब्यूशन इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने और सिस्टम मजबूत करने के काम के लिए लेटर ऑफ अवॉर्ड (LOA) मिले हैं। खबर आते ही शेयर में ऐसी खरीदारी आई कि इसमें 20 फीसदी का अपर सर्किट लग गया और भाव 197.70 रुपये पर पहुंच गया।
20% चढ़ा शेयर
तेजी की शुरुआत कारोबार के शुरुआती मिनटों में ही हो गई थी। सुबह 9:24 बजे BSE पर शेयर 30.09 रुपये यानी 18.39 फीसदी चढ़कर 193.70 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। इसके बाद खरीदारी और तेज हुई और शेयर 20 फीसदी के अपर सर्किट तक जा पहुंचा।
ऑर्डर की खबर से पहले शेयर दबाव में था। पिछले कारोबारी सत्र में ये 8.84 रुपये यानी 5.13 फीसदी टूटकर 163.61 रुपये पर बंद हुआ था। उसी भाव से शेयर ने एक ही दिन में पूरी रफ्तार पकड़ ली।
1 साल में 70% टूटा, फिर भी 5 साल में 830% का रिटर्न
एक दिन की इस तेजी के पीछे शेयर की लंबी गिरावट की कहानी भी है। Trendlyne के आंकड़ों के मुताबिक RMC Switchgears के शेयर लंबे समय से बिकवाली के दबाव में रहे हैं। पिछले एक साल में शेयर करीब 70 फीसदी टूट चुका है, जबकि दो साल में इसमें 72 फीसदी की गिरावट आई है।
52 हफ्ते के दायरे में ये गिरावट और साफ नजर आती है। 23 अप्रैल 2026 को शेयर ने 537 रुपये का 52 हफ्ते का हाई बनाया था। वहां से फिसलते हुए 23 नवंबर 2026 को ये 163.35 रुपये के 52 हफ्ते के लो तक आ गया। मतलब अपर सर्किट से सिर्फ दो दिन पहले शेयर अपने साल भर के सबसे निचले स्तर पर था।
लेकिन लॉन्ग टर्म में तस्वीर बिल्कुल अलग है। Trendlyne के मुताबिक पिछले पांच साल में शेयर 830 फीसदी चढ़ा है। यानी इतनी तेज गिरावट के बाद भी लॉन्ग टर्म में शेयर का प्रदर्शन दमदार बना हुआ है।
521.83 करोड़ के ऑर्डर में क्या-क्या काम करना है
इस ऑर्डर में नए सबस्टेशन बनाने से लेकर मौजूदा सबस्टेशन की क्षमता बढ़ाने तक का काम शामिल है। इसके साथ ही अतिरिक्त पावर ट्रांसफॉर्मर, HT लाइन और इनसे जुड़े दूसरे काम भी कंपनी को करने हैं।
काम का दायरा काफी बड़ा है। सामान की सप्लाई, टेस्टिंग और ट्रांसपोर्टेशन से शुरू होकर कंस्ट्रक्शन, इरेक्शन, टेस्टिंग और कमीशनिंग तक का पूरा काम इस कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा है। प्रोजेक्ट को 24 महीने में पूरा करना है, यानी कंपनी के पास इसके लिए 2 साल का वक्त है।
CEO अंकित अग्रवाल ने इसे बताया अहम मौका
RMC Switchgears के CEO और होल टाइम डायरेक्टर अंकित अग्रवाल ने कहा कि ये RMC के लिए एक जटिल, यूटिलिटी ग्रेड डिस्ट्रीब्यूशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोग्राम पर अपनी एंड टू एंड एग्जीक्यूशन क्षमता दिखाने का अहम मौका है। उनके मुताबिक ADR पैकेज प्रोजेक्ट की पूरी लाइफसाइकिल को कवर करता है, जिसमें सिविल वर्क्स और इक्विपमेंट सप्लाई से लेकर इंस्टॉलेशन, कमीशनिंग और परफॉर्मेंस एश्योरेंस तक सब शामिल है। उन्होंने कहा कि इससे बड़े पैमाने पर इंटीग्रेटेड इलेक्ट्रिकल EPC सॉल्यूशंस देने की कंपनी की क्षमता और मजबूत होती है।
अंकित अग्रवाल ने आगे कहा कि ये काम महाराष्ट्र में कंपनी के अनुभव को आगे बढ़ाता है और हाई वैल्यू डिस्ट्रीब्यूशन इंफ्रास्ट्रक्चर में उसकी साख को मजबूत करता है। उन्होंने ये भी कहा कि कंपनी का फोकस अनुशासित एग्जीक्यूशन, सख्त प्रोजेक्ट कंट्रोल और यूटिलिटी इकोसिस्टम के लिए भरोसेमंद नतीजे देने पर बना हुआ है।
हफ्ते भर पहले भी मिला था ऑर्डर
इस महीने कंपनी के खाते में आया ये पहला ऑर्डर नहीं है। 19 नवंबर को भी कंपनी को KRYFS Power Components से 18.51 करोड़ रुपये का LOA मिला था। इसके तहत कंपनी FSP, MSP, SFU और मीटर बॉक्स बनाकर सप्लाई करेगी। ये ऑर्डर 60 महीने में पूरा होना है।
नतीजों में दिखी थी कमजोरी
ऑर्डर की ये खबर ऐसे वक्त आई है जब कंपनी के पिछले तिमाही नतीजे कमजोर रहे थे। Q2FY27 में कंपनी का कंसोलिडेटेड प्रॉफिट आफ्टर टैक्स सालाना आधार पर 47.90 फीसदी घटकर 8.32 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल की इसी तिमाही में ये 15.96 करोड़ रुपये था। कंसोलिडेटेड रेवेन्यू भी 35.22 फीसदी गिरकर 137.08 करोड़ रुपये से 88.81 करोड़ रुपये पर आ गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।