लगातार 7 दिनों से गिर रहा शेयर, CFO पर फ्रॉड का आरोप, फिर भी 59% तक बढ़ सकता है भाव?

Kajaria Ceramics Shares: कजारिया सेरेमिक्स (Kajaria Ceramics) के शेयरों में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कंपनी की एक सब्सिडियरी में ₹20 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद पिछले सात दिनों से इसके शेयरों में लगातार गिरावट जारी है। बुधवार 24 दिसंबर को इसके शेयर करीब 4 फीसदी गिरकर 974.40 रुपये के भाव पर बंद हुए

अपडेटेड Dec 25, 2025 पर 2:45 PM
Story continues below Advertisement
Kajaria Ceramics Shares: साल 2025 में अब तक इसके शेयरों में करीब 17 फीसदी की गिरावट आ चुकी है

Kajaria Ceramics Shares: टाइल्स और सैनिटरीवेयर कंपनी कजारिया सेरेमिक्स (Kajaria Ceramics) के शेयरों में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कंपनी की एक सब्सिडियरी में ₹20 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद पिछले सात दिनों से इसके शेयरों में लगातार गिरावट जारी है। बुधवार 24 दिसंबर को काजारिया सेरामिक्स के शेयर करीब 4 फीसदी गिरकर 974.40 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले सात दिनों में इसके शेयरों में 11 फीसदी से अधिक की गिरावट आ चुकी है।

कैसे सामने आई धोखाधड़ी की घटना

19 दिसंबर को बाजार बंद होने के बाद कंपनी ने बताया था कि उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी काजारिया बाथवेयर के चीफ फाइनेंस ऑफिसर CFO) दिलीप कुमार मालिवाल ने पिछले दो सालों में ₹20 करोड़ की धोखाधड़ी की है। कंपनी के मुताबिक, मालिवाल पर केरोविट ग्लोबल पैसों के गबन और हेराफेरी का आरोप है। ये काजारिया बाथवेयर की और अंत में काजारिया सेरामिक्स की स्टेप-डाउन सब्सिडियरी है।

मैनेजमेंट का बयान और वित्तीय असर


22 दिसंबर को एनालिस्ट कॉल के दौरान कंपनी के मैनेजमेंट ने कहा,“कंपनी के फंडामेंटल्स मजबूत बने हुए हैं। हमने बाकी सभी सब्सिडियरी कंपनियों की समीक्षा की है और कहीं कोई विसंगति नहीं पाई गई।” मैनेजमेंट ने यह भी साफ किया कि इस धोखाधड़ी की राशि को FY26 में एक्सेप्शनल आइटम के तौर पर दिखाया जाएगा। अब तक लगभग ₹50 लाख की रिकवरी हो चुकी है, हालांकि पूरी रकम वापस मिलने की उम्मीद कम जताई गई है।

ब्रोकरेज फर्मों का क्या है कहना?

ब्रोकरेज फर्म एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज ने फ्रॉड के इस मामले के बावजूद काजारिया सेरामिक्स पर अपनी ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखी है और इसके लिए 1,550 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। यह इसके शेयरों में मौजूदा स्तर से करीब 59 फीसदी की तेजी का अनुमान है।

एमके ने कहा कि यह गबन कंपनी की पहले की कमजोर आंतरिक नियंत्रण को दिखाता है, लेकिन मैनेजमेंट ने मामले को प्रभावी तरीके से संभाला है। ब्रोकरेज के मुताबिक, धोखाधड़ी का पता कंपनी के आईटी और इंटरनल सिस्टम को मजबूत करने की प्रक्रिया के दौरान चला। दोषी अधिकारी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। साथ ही, आंतरिक नियंत्रणों को और सख्त किया गया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं का दोहराव न हो।

हालांकि, एमके ने चेतावनी भी दी कि अगर भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा होती हैं, तो इससे शेयर के वैल्यूएशन पर नेगेटिव असर पड़ सकता है।

नुवामा ने घटाया वैल्यूएशन

दूसरी ओर, नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट ने कॉरपोरेट गवर्नेंस को लेकर चिंताओं के चलते काजारिया सेरामिक्स के प्राइस-टू-अर्निंग (P/E) मल्टीपल में कटौती की है। ब्रोकरेज अब कंपनी को उसके 10 साल के औसत फॉरवर्ड P/E से करीब 20 फीसदी कम वैल्यूएशन पर आंक रही है और एक साल आगे का मल्टीपल 33 गुना से घटाकर 28 गुना कर दिया गया है। साल 2025 में अब तक काजारिया सेरामिक्स के शेयरों में करीब 17 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।

यह भी पढ़ें- पैसा रखें तैयार! Zepto का आ रहा IPO, कंपनी कल 26 दिसंबर को करेगी आवेदन

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।