Kalyan Jewellers stock: कल्याण ज्वेलर्स के शेयरों में 7 जुलाई को बड़ी गिरावट आई। बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद शेयर करीब 8 फीसदी क्रैश कर गया। हालांकि, कंपनी ने बिजनेस अपडेट्स में जून तिमाही में प्रदर्शन बेहतर रहने की जानकारी दी है। लेकिन, प्रतिद्वंद्वी कंपनी टाइटन के मुकाबले कल्याण ज्वेलर्स की कमजोर ग्रोथ ने बाजार को निराश किया। 11:30 बजे कल्याण ज्वेलर्स का शेयर 5.91 फीसदी गिरकर 357 रुपये पर चल रहा था।
शुरुआती कारोबार में 8% तक गिरा था शेयर
Kalyan Jewellers का शेयर 7 जुलाई को शुरुआती कारोबार में एक समय 7.8 फीसदी गिरकर 351.55 रुपये पर आ गया था। बाद में शेयर थोड़ा संभलने में सफल रहा। जून तिमाही में कंपनी के घरेलू और विदेशी कारोबार की ग्रोथ डबल डिजिट में रही है। इसके बावजूद शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। कंपनी ने कहा है कि इंडिया में उसकी रेवेन्यू ग्रोथ साल दर साल आधार पर करीब 38 फीसदी रही।
जून तमाही में कंपनी का अच्छा प्रदर्शन
जून तिमाही में कंपनी की सेम-स्टोर सेल्स ग्रोथ भी करीब 28 फीसदी रही। कंपनी के इंटरनेशनल बिजनेस की रेवेन्यू ग्रोथ भी करीब 35 फीसदी रही। इसमें पश्चिम एशिया का बड़ा हाथ रहा। इस रीजन की रेवेन्यू ग्रोथ जून तिमाही में करीब 30 फीसदी रही। कंपनी के कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू में इंटरनेशनल बिजनेस का कंट्रिब्यूशन करीब 14 फीसदी पहुंच गया। कंपनी के डिजिटल फर्स्ट ज्वेलरी प्लेटफॉर्म Candere का प्रदर्शन लगातार अच्छा बना हुआ है।
कंपनी ने डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क का किया विस्तार
जून तिमाही में कल्याण ज्वेलर्स ने 12 कल्याण शोरूम्स और 5 Candere स्टोर्स खोले। इससे कंपनी का टोटल शोरूम नेटवर्क बढ़कर 30 जून को 524 हो गया था। कंपनी के मैनेजमेंट ने कहा है कि कंपनी के लिए दूसरी तिमाही की शुरुआत पॉजिटिव रही है। आगे त्योहारों और शादियों के सीजन की वजह से डिमांड स्ट्रॉन्ग रहने की उम्मीद है। हालांकि, कंपनी का प्रदर्शन बाजार की उम्मीद के मुकाबले कमजोर रहा। कल्याण ज्वेलर्स का शेयर बीते एक साल में 39 फीसदी से ज्यादा गिरा है।
7 जुलाई को बाजार के प्रमुख सूचकांकों में तेजी
7 जुलाई को शेयर बाजारों में तेजी दिखी। बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी मजबूत खुले। 11:45 बजे निफ्टी 0.34 फीसदी यानी 84 अंक चढ़कर 24,514 अंक पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.40 फीसदी यानी 313 अंक की तेजी के साथ 78,605 पर चल रहा था। बैंक निफ्टी में भी तेजी दिखी। घरेलू शेयर बाजारों में तेजी का यह लगातार पांचवां दिन है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।