Trent Stocks Crash: ट्रेंट का शेयर 7 जुलाई को बाजार खुलते ही क्रैश कर गया। इसकी वजह कंपनी का जून तिमाही का बिजनेस अपडेट्स हैं। यह बाजार की उम्मीद के मुकाबले कमजोर रहा। इसके बाद ब्रोकरेज ने कंपनी की ग्रोथ को लेकर अपने अनुमान में बदलाव किए। सुबह 10:17 बजे कंपनी का शेयर 11.09 फीसदी की गिरावट के साथ 2,973 रुपये पर चल रहा था। ट्रेंट टाटा समूह की कंपनी है।
जून तिमाही में उम्मीद से कमजोर प्रदर्शन
Trent ने बताया है कि जून तिमाही में उसका स्टैंडएलोन रेवेन्यू साल दर साल आधार पर 19 फीसदी बढ़ा है। इस दौरान के वेस्टसाइड और जूडियो फॉरमैट में इजाफा हुआ, लेकिन यह एनालिस्ट्स की उम्मीद से कम है। कंपनी के नए स्टोर की संख्या भी उम्मीद के मुकाबले कम रही। कंपनी का स्टैंडएलोन रेवेन्यू जून तिमाही में 5,666 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 4,781 करोड़ रुपये था।
नए स्टोर की संख्या भी एनालिस्ट्स की उम्मीद से कम
इस साल जून तिमाही के अंत में कंपनी के स्टोर की संख्या 1,312 थी। इसमें वेस्टसाइट के 301 आउटलेट्स, जूडियो के 982 आउलेट्स और दूसरे लाइफस्टाइल फॉरमैट्स के 29 स्टोर शामिल हैं। ब्रोकरेज फर्मों का मानना है कि ट्रेंट का जून तिमाही का अपडेट उम्मीद के मुकाबले कमजोर हैं। रेवेन्यू भी उम्मीद से कम है। नए स्टोर की संख्या भी उम्मीद से कम है। नए स्टोर की संख्या के लिहाज से यह सबसे कमजोर तिमाही है।
आगे के प्रदर्शन को लेकर एनालिस्ट्स की एक राय नहीं
आगे ट्रेंट के शेयरों के प्रदर्शन को लेकर एनालिस्ट्स की राय बंटी हुई है। कुछ एनालिस्ट्स का कहना है कि कंपनी का फोकस वेस्टसाइट और जूडियो के स्टोर की संख्या बढ़ाने पर बना हुआ है। इससे लंबी अवधि में कंपनी की ग्रोथ अच्छी रह सकती है। आगे मार्जिन में भी इम्प्रूवमेंट दिख सकता है। लेकिन, कुछ एनालिस्ट्स का कहना है कि वैल्यू-फैशन सेगमेंट में प्रतियोगिता बढ़ रही है। कंपनी के स्टोर्स की प्रोडक्टविटी भी कम है। इसका असर कंपनी की ग्रोथ पर पड़ सकता है।
एचएसबीसी को रेवेन्यू ग्रोथ 21 फीसदी रहने का अनुमान
एचएसबीसी ने जून तिमाही में कंपनी की रेवेन्यू ग्रोथ करीब 21 फीसदी रहने का अनुमान जताया था। बर्नस्टीन का मानना था कि वेस्टसाइड स्टोर्स की संख्या बढ़ाने से कंपनी की ग्रोथ पर पॉजिटिव असर पड़ सकता है। मार्च तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 26 फीसदी बढ़ा था। बीते एक साल में कंपनी का शेयर करीब 19 फीसदी फिसला है।
7 जुलाई को शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में तेजी
7 जुलाई को शेयर बाजारों में तेजी दिखी। निफ्टी 0.22 फीसदी यानी 52 अंक चढ़कर 24,485 पर चल रहा था। सेंसेक्स भी 0.26 फीसदी यानी 206 अंक की तेजी के साथ 78,499 पर था। बैंक निफ्टी में भी 0.23 फीसदी की तेजी दिखी। मिडकैप शेयरों में कमजोरी दिखी। आज लगातार पांचवां दिन है, जब शेयर बाजारों में तेजी दिख रही है।