Kaynes Technologies के शेयरों में 19% की दमदार रैली, IPO प्राइस से 102 फीसदी चढ़ा शेयर, क्या है वजह

Kaynes Technologies का आईपीओ नवंबर 2022 में आया था। कंपनी के शेयर 22 नवंबर 2022 को शेयर बाजार में लिस्ट हुए हैं। इसके लिए 559-587 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया था। इश्यू प्राइस की तुलना में यह स्टॉक 102 फीसदी चढ़ चुका है

अपडेटेड May 17, 2023 पर 2:34 PM
Kaynes Technologies India के शेयरों में आज बुधवार को 19 फीसदी तक की दमदार रैली देखी गई।

Kaynes Technologies India के शेयरों में आज बुधवार को 19 फीसदी तक की दमदार रैली देखी गई। इस समय यह शेयर NSE पर 13.62 फीसदी बढ़कर 1,135 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। दरअसल, वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही में कंपनी के नतीजे शानदार रहे हैं। मार्च तिमाही में कंपनी के कंसोलिडेटेड प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स (PAT) में सालाना आधार पर 108 फीसदी का उछाल आया है। यही वजह है कि कंपनी के शेयरों में आज उछाल देखने को मिला है।

कैसे रहे तिमाही नतीजे

मार्च तिमाही में कंपनी का मुनाफा 108 फीसदी बढ़कर 41.3 करोड़ रुपये हो गया है। इस दौरान, कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 53 फीसदी बढ़कर 364.6 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का कंसोलिडेटेड Ebitda सालाना आधार पर 48 फीसदी बढ़कर 59.40 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, एबिटा मार्जिन 16.8 फीसदी पर फ्लैट रहा।


इश्यू प्राइस के मुकाबले 102 फीसदी चढ़ा स्टॉक

Kaynes Technologies का आईपीओ नवंबर 2022 में आया था। कंपनी के शेयर 22 नवंबर 2022 को शेयर बाजार में लिस्ट हुए हैं। इसके लिए 559-587 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया था। इश्यू प्राइस की तुलना में यह स्टॉक 102 फीसदी चढ़ चुका है। वहीं, लिस्टिंग प्राइस से इस शेयर ने 66 फीसदी का रिटर्न दिया है। इस शेयर ने आज अपने 1,111 रुपये के पिछले हाई को पार कर लिया है।

कंपनी का फाइनेंशियल

वित्तीय वर्ष 2022-23 में Kaynes का रेवेन्यू सालाना आधार पर 59 फीसदी बढ़कर 1126 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। कंपनी ने ऑटोमोटिव, रेलवे, आईटी/आईओटी और कंज्यूमर वर्टिकल में मजबूत डिमांड देखी है। कंपनी के पास 2,648 करोड़ रुपये का एग्जीक्यूटेबल ऑर्डर बुक है। मैनेजमेंट का कहना है कि आगे कंपनी में मजबूत ग्रोथ की संभावना है। कंपनी अब अपनी क्षमता को बढ़ाने पर फोकस कर रही है।

कंपनी के बारे में

Kaynes Technologies एक इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है जो इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम डिजाइनिंग और मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज का कारोबार करती है। कंपनी ऑटोमोटिव, इंडस्ट्रियल, एयरोस्पेस, डिफेंस, आउटरस्पेस, न्यूक्लियर, मेडिकल, रेलवे, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजीज और दूसरे सेक्टरों को अपनी सेवाएं देती है। कंपनी भारत सहित दुनिया के 20 देशों में कारोबार करती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।