बिजली बनाने वाली कंपनी एनटीपीसी ने सितंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान 31 अक्तूबर को कर दिया। साल दर साल आधार पर इस सरकारी कंपनी का मुनाफा 14.3 फीसदी बढ़कर 5,320 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की समान अवधि में मुनाफा 4,653 करोड़ रुपये था। कंपनी का प्रॉफिट सीएनबीसी-टीवी18 के पोल में एनालिस्ट्स के अनुमान से ज्यादा है।
रेवेन्यू 17 फीसदी बढ़कर 45,752 करोड़ रुपये
NTPC का सितंबर में आपरेशंस से रेवेन्यू 16.8 फीसदी बढ़कर 45,752 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 39,165 करोड़ रुपये था। इस दौरान कंपनी का EBITDA 8.7 फीसदी बढ़कर 10,891 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 10,018 करोड़ रुपये था। हालांकि, कंपनी का एबिड्टा मार्जिन 24 फीसदी पर बना रहा।
शेयरहोल्डर्स को 30 फीसदी अंतरिम डिविडेंड का तोहफा
कंपनी ने प्रति शेयर 3 रुपये अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है। यह 10 रुपये फेस वैल्यू वाले एक शेयर पर 30 फीसदी का डिविडेंड है। यह डिविडेंड FY27 के लिए है। कंपनी ने डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट का भी ऐलान कर दिया है। रिकॉर्ड डेट 6 नवंबर, 2026 है। इसका मतलब है कि जिस इनवेस्टर के डीमैट अकाउंट में इस तारीख तक शेयर होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे।
ग्रुप का कैपिटल एक्सपेंडिचर 23,932 करोड़ रुपये
सितंबर के अंत में कंपनी का ग्रॉस फिक्स्ड एसेट्स 4,85,444 करोड़ रुपये का था। एक साल पहले यह 4,37,142 करोड़ रुपये था। इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही में ग्रुप का कैपिटल एक्सपेंडिचर 23,932 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 23,115 करोड़ रुपये था। एनटीपीसी ग्रुप का पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट (PSP) पोर्टफोलियो 16 GW का है।
न्यूक्लियर प्रोजेक्ट्स के लिए 30 स्थानों की पहचान
कंपनी 5 GWh बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BEES) कपैसिटी विकसित कर रही है। कपैसिटी में यह विस्तार कंपनी के 15 थर्मल पावर स्टेशंस पर होगा। इसकी कमिशनिंग जून 2027 के करीब हो जाने की उम्मीद है। एनटीपीसी परमाणु ऊर्जा निगम लिमिटेड ने न्यूक्लियर प्रोजेक्ट्स के लिए कई राज्यों में करीब 30 स्थानों की पहचान की है।
30 अक्टूबर को शेयर 1.85 फीसदी चढ़ा
एनटीपीसी के शेयरों पर कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजों का असर 3 नवंबर यानी सोमवार को दिखेगा। कंपनी का शेयर 30 अक्तूबर को 1.85 फीसदी चढ़कर 316.25 रुपये पर बंद हुआ। इस साल कंपनी का शेयर करीब 6 फीसदी गिरा है। इसके मुकाबले निफ्टी में इस दौरान करीब 12 फीसदी गिरावट आई है।