Anthropic News: दिग्गज AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) कंपनी एंथ्रॉपिक के शेयरों में लिस्टिंग के दूसरे दिन भारी गिरावट देखने को मिली। क्लाउडी (Claude) चैटबॉट बनाने वाली कंपनी ने अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ पेश किया था, लेकिन शानदार शुरुआत के बाद शुक्रवार को शेयरों पर दबाव आ गया। इंट्रा-डे में तो शेयर लगभग आईपीओ प्राइस तक टूट गया था, लेकिन बाद में कुछ रिकवरी हुई और शेयर $88.91 पर बंद हुए। यह गुरुवार के क्लोजिंग प्राइस से 8.5% नीचे है। हालांकि इस गिरावट के बावजूद एंथ्रॉपिक की मार्केट वैल्यू करीब $1.6 ट्रिलियन यानी $1.6 लाख करोड़ (₹148.24 लाख करोड़) है, जिससे यह दुनिया की 15 सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनियों में शामिल हो गई।
Anthropic ने आईपीओ के जरिए जुटाए रिकॉर्ड $11950 करोड़
एंथ्रॉपिक की गिरावट ऐसे समय आई, जब ओवर-अलॉटमेंट ऑप्शन यानी ग्रीनशू का इस्तेमाल हुआ। इससे आईपीओ की अंडरराइटिंग करने वाले बैंकों को अतिरिक्त शेयर बेचने की मंजूरी मिली। ओवर-अलॉटमेंट के कारण एंथ्रॉपिक और को-फाउंडर्स की तरफ से जुटाई गई कुल राशि बढ़कर $11950 करोड़ हो गई। इसमें आईपीओ के जरिए जुटाए गए $9350 करोड़ और साथ में किए गए प्राइवेट प्लेसमेंट के $2600 करोड़ शामिल हैं।
क्या कहना है एक्सपर्ट्स का
एंथ्रॉपिक के शेयरों में गिरावट ऐसे समय में आई है जब दुनिया भर में टेक कंपनियों के शेयर टूट रहे हैं। नास्डाक 100 इंडेक्स 5.6% और एसएंडपी 500 इंडेक्स 3.7% फिसल गया। मार्केट में बढ़ती अस्थिरता के बीच निवेशक एआई कंपनियों के हाई वैल्यूएशन और निवेश पर मिलने वाले रिटर्न को लेकर सतर्क दिखे। फोर्टे सिक्योरिटीज (Forte Securities) के एमैनुअल वाल्वनिस (Emmanuel Valavanis) के मुताबिक सिर्फ एंथ्रॉपिक नहीं बल्कि टेक स्टॉक्स में भी निवेशकों की दिलचस्पी फीकी दिख रही है। Tikehau Capital के रफायल थुइन (Raphael Thuin) का कहना है कि आईपीओ के बाद अब निवेशकों को एंथ्रॉपिक के शेयरों की तेज उठा-पटक के फीकी होने का इंतजार है।
Claude की मांग से मजबूत हुई एंथ्रॉपिक
एंथ्रॉपिक ने एंटरप्राइज ग्राहकों पर फोकस करके निवेशकों का ध्यान खींचा है। कंपनी की एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक 31 अक्टूबर तक उसका रन-रेट रेवेन्यू $8100 करोड़ पहुंच गया था। क्लाउडी कोड (Claude Code) को सॉफ्टवेयर डेवलपर्स काफी पसंद कर रहे हैं और नासा (NASA) के इंजीनियर्स ने भी इसका इस्तेमाल किया है। सितंबर के आखिरी तक कंपनी के पास ऐसे 11,900 से अधिक ग्राहक थे, जिनमें से हर एक ने 12 महीने में कम से कम $1 लाख का रेवेन्यू दिया। साल 2025 में ऐसे ग्राहकों की संख्या लगभह 1500 थी। अब निवेशकों की नजर इस बात पर है कि एआई कंपनियां अपनी तकनीक से कितना वास्तविक मुनाफा और रिटर्न पैदा कर पाएंगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।