इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरर केन्स टेक्नोलॉजी इंडिया लिमिटेड के शेयरहोल्डर सोमवार, 10 अगस्त को नुकसान झेल रहे हैं। दिन में शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से 8 प्रतिशत तक गिरी। बीएसई पर शेयर 3,530.70 रुपये के लो तक गया। कंपनी ने शुक्रवार, 7 अगस्त को बाजार बंद होने के बाद अपने तिमाही नतीजे जारी किए थे। अप्रैल-जून 2026 तिमाही में केन्स टेक का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू ₹946 करोड़ रहा, जो एक साल पहले से 40 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के मुख्य कारोबारों में 30 प्रतिशत से अधिक की ग्रोथ हुई, जबकि इसके अन्य छोटे कारोबारों में 70 प्रतिशत से लेकर 180 प्रतिशत तक की ग्रोथ हुई।
शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 24 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर ₹56.42 करोड़ रह गया। जून 2025 तिमाही में यह ₹74.61 करोड़ था। EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) ₹147.5 करोड़ रहा, जो जून 2025 तिमाही में ₹113 करोड़ था। EBITDA मार्जिन कम होकर 15.6 प्रतिशत हो गया, जो जून 2025 तिमाही में 16.7 प्रतिशत था।
जून 2026 तिमाही में केन्स टेक के सामान की लागत बढ़कर 620 करोड़ रुपये हो गई। इसके कारण कंपनी का ग्रॉस मार्जिन पिछले साल के 41.1 प्रतिशत से घटकर 34.4 प्रतिशत रह गया। मैनेजमेंट ने ग्रॉस मार्जिन में इस कमी की वजह सप्लाई-चेन, एनर्जी, कमोडिटी और विदेशी मुद्रा (फॉरेक्स) की लागत में बढ़ोतरी को बताया। जून 2026 तिमाही के आखिर में Kaynes Tech की ऑर्डर बुक ₹8,900 करोड़ थी, जो पिछले साल के मुकाबले 20% ज्यादा है।
Kaynes Tech के मैनेजमेंट का क्या है कहना
Kaynes Tech के मैनेजमेंट ने वित्त वर्ष 2027 को एक मुश्किल साल बताया है। लेकिन यह उम्मीद भी जताई है कि अगली कुछ तिमाहियों में मुनाफा सामान्य हो जाएगा। स्मार्ट मीटरिंग बिजनेस साल के आखिर तक कैश पॉजिटिव होने की संभावना है। कंपनी अगले साल फरवरी में रिस्क कम करने की एक विस्तृत रणनीति जारी करने की योजना बना रही है।
मोतीलाल ओसवाल ने दोहराई 'बाय' रेटिंग
ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने Kaynes Technology के शेयर पर "बाय" रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस ₹5,000 प्रति शेयर दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि मजबूत ऑर्डर बुक के साथ Kaynes की मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ भविष्य में भी जारी रह सकती है। आगे ग्रोथ कंपनी के मुख्य EMS (इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज) बिजनेस की लगातार वृद्धि से होगी, जिसमें सभी वर्टिकल्स में ग्रोथ दिखेगी। OSAT (आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट) और PCB (प्रिंटेड सर्किट बोर्ड) के मुख्य ग्रोथ इंजन के तौर पर उभरने की उम्मीद है।
मोतीलाल ओसवाल ने वित्त वर्ष 2027 और 2028 के लिए केन्स की प्रति शेयर अर्निंग्स (EPS) के अनुमानों में क्रमशः 11 प्रतिशत और 5 प्रतिशत की कटौती की है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2026-2028 के दौरान Kaynes Tech का रेवेन्यू 41 प्रतिशत की कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) से, EBITDA 44 प्रतिशत CAGR से और एडजस्टेड शुद्ध मुनाफा 52 प्रतिशत CAGR से बढ़ेगा।
CLSA और JPMorgan ने क्या दी रेटिंग
CLSA ने स्टॉक पर "होल्ड" रेटिंग बनाए रखी है और प्राइस टारगेट ₹3,650 तय किया है। ब्रोकरेज ने कहा कि ऑपरेशंस के लिहाज से जून तिमाही मजबूत रहने के बावजूद Kaynes की बैलेंस शीट के पैरामीटर्स और कमजोर हुए हैं। वर्किंग कैपिटल डेज में बढ़ोतरी हुई है, जिसके चलते रिपोर्टेड रिटर्न ऑन कैपिटल एम्प्लॉयड (RoCE) में गिरावट आई है। JPMorgan ने Kaynes के शेयर के लिए "न्यूट्रल" रेटिंग दी है। प्राइस टारगेट ₹3,600 रखा है। इसने नेट वर्किंग कैपिटल डेज में बढ़ोतरी को एक बड़ा नेगेटिव फैक्टर बताया है। ब्रोकरेज ने कंपनी के EPS अनुमानों में 7 प्रतिशत से 9 प्रतिशत की कटौती की है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।