Stock in Focus: RPG Group की इंफ्रा कंपनी KEC International के शेयर मंगलवार के कारोबार में फोकस में रह सकते हैं। कंपनी ने अलग-अलग कारोबार में ₹1,303 करोड़ के नए ऑर्डर हासिल किए हैं। पिछले कारोबारी सत्र में NSE पर KEC International का शेयर 1.71% गिरकर ₹406.40 पर बंद हुआ था।
भारत, मिडिल ईस्ट और अमेरिका से मिले ऑर्डर
KEC International के ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन (T&D) कारोबार को भारत, मिडिल ईस्ट और अमेरिका में कई प्रोजेक्ट मिले हैं। इनमें उत्तरी भारत में 400 kV ट्रांसमिशन लाइन का ऑर्डर शामिल है।
इसके अलावा सऊदी अरब में 380 kV ट्रांसमिशन लाइन के लिए ऑर्डर मिला है। अमेरिका में टावर, हार्डवेयर और पोल की सप्लाई के ऑर्डर भी मिले हैं। कंपनी के केबल्स एंड कंडक्टर्स कारोबार को भी भारत और विदेशी बाजारों से कई ऑर्डर मिले हैं।
हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के लिए भी ऑर्डर
KEC International के MD और CEO विमल केजरीवाल ने कहा कि भारत के T&D कारोबार को उत्तरी भारत में एक हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्लांट से बिजली निकालने वाली ट्रांसमिशन लाइन का ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर कंपनी के मौजूदा निजी ग्राहक से मिला है।
उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल T&D कारोबार ने सऊदी अरब में कई ऑर्डर हासिल किए हैं। इससे मिडिल ईस्ट में कंपनी की मौजूदगी और मजबूत हुई है।
₹7,600 करोड़ के पार पहुंचा ऑर्डर इनटेक
केजरीवाल के मुताबिक, नए ऑर्डर मिलने के बाद चालू वित्त वर्ष में कंपनी का अब तक का ऑर्डर इनटेक ₹7,600 करोड़ से ज्यादा हो गया है।
उन्होंने कहा कि T&D कारोबार में नए ऑर्डर के साथ अवसरों की बड़ी पाइपलाइन है। प्रमुख बाजारों में मांग भी बनी हुई है। इससे कारोबार का आउटलुक मजबूत है। केजरीवाल ने कहा कि ये नए ऑर्डर कंपनी की लक्षित ग्रोथ को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
110 से ज्यादा देशों में कारोबार
KEC International RPG Group की प्रमुख कंपनी है। यह इंफ्रास्ट्रक्चर इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन यानी EPC कारोबार में है। कंपनी की मौजूदगी 110 से ज्यादा देशों में है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।