KFin Technologies IPO Listing Today: शेयर बाजार में आज KFin Technologies के शेयरों की लिस्टिंग फ्लैट रही है। यह देश की सबसे बड़ी रजिस्ट्रार कंपनी है। लेकिन इसके IPO को कमजोर रिस्पॉन्स मिला था जिसका असर इसके शेयरों की लिस्टिंग पर भी साफ नजर आई। NSE पर KFin Technologies के शेयरों की लिस्टिंग इश्यू प्राइस से सिर्फ एक रुपए ऊपर 367 रुपए पर हुई। हालांकि BSE पर इसके शेयरों की लिस्टिंग 0.82% प्रीमियम के साथ 369 रुपए पर हुई है।
KFin Technologies का इश्यू सिर्फ 2.59 गुना सब्सक्राइब हुआ था। पिछले कुछ दिनों से ग्रे मार्केट में भी यह डिस्काउंट पर ट्रेड हो रहा था। लिस्टिंग से एक दिन पहले KFin Technologies के शेयर अनलिस्टेड मार्केट में अपने इश्यू प्राइस से 5 रुपए नीचे 361 रुपए पर ट्रेड कर रहे थे।
KFin Technologies का इश्यू 19-21 दिसंबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस इश्यू के तहत प्रमोटर General Atlantic Singapore Fund Pte Ltd. ने अपनी हिस्सेदारी हल्की है। इस इश्यू का QIB हिस्सा 4.17 गुना, NII हिस्सा 0.23 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 1.36 गुना सब्सक्राइब हुआ। ओवरऑल यह इश्यू 2.59 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी का इश्यू 1500 करोड़ रुपए का था।
KFin Technologies: क्या है कंपनी का कारोबार?
केफिन टेक देश में एसेट मैनेजर्स और कॉरपोरेट इश्यूअर्स समेत कैपिटल मार्केट्स इकोसिस्टम को सर्विसेज और सॉल्यूशंस मुहैया कराती है। इसके अलावा यह मलेशिया, फिलीपींस और हॉन्गकॉन्ग में प्राइवेट रिटायरमेंट प्लान और म्यूचुअल फंड्स की प्रोसेसिंग जैसी सर्विसेज मुहैया कराती है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2021-22 में इसे 148.5 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ था जबकि एक साल पहले इसे 64.5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। इस अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 481.1 करोड़ रुपये से उछलकर 639.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सितंबर 2022 तिमाही में कंपनी को 348.7 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 85.35 करोड़ रुपये का मुनाफा हासिल हुआ।