Kotak Mahindra Bank Q4 Result: प्राइवेट सेक्टर के Kotak Mahindra Bank ने मार्च तिमाही के लिए अपने नतीजे 2 मई को जारी कर दिए हैं। बैंक का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 13.4% बढ़कर 4,026.55 करोड़ रुपये रहा। यह Bloomberg के 3,663 करोड़ रुपये के अनुमान से बेहतर है।
बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 8.1% बढ़कर 7,876 करोड़ रुपये हो गई, जो कोर कमाई का अहम पैमाना है। पिछले साल इसी अवधि में यह 7,284 करोड़ रुपये थी।
इस दौरान फंडिंग कॉस्ट घटकर 4.45% रह गई, जो पिछले साल 5.09% थी और पिछली तिमाही के 4.54% से भी कम है। पूरे साल के आधार पर FY26 में फंडिंग कॉस्ट 4.67% रही, जो FY25 के 5.10% से नीचे है।
ऑपरेटिंग प्रॉफिट और आय का हाल
बैंक का ऑपरेटिंग प्रॉफिट 7% बढ़कर 5,855 करोड़ रुपये हो गया। इंटरेस्ट इनकम 4.8% बढ़कर 14,175 करोड़ रुपये रही। इंटरेस्ट खर्च 0.9% बढ़कर 6,299 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, अन्य आय (Other Income) में 2.1% की गिरावट आई और यह 3,116 करोड़ रुपये रही।
बैंक के मार्जिन पर दबाव बना रहा। Q4 में नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) 4.67% रहा, जो एक साल पहले 4.97% था। हालांकि यह दिसंबर तिमाही के 4.54% से बेहतर है। पूरे FY26 में NIM 4.60% रहा, जो FY25 के 4.96% से कम है।
साल के दौरान बैंक ने नए लेबर कोड लागू होने से जुड़े बदलावों को भी शामिल किया। इसके तहत FY26 में कर्मचारी लागत के लिए 125.75 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान किया गया।
बैंक की एसेट क्वालिटी में सुधार देखने को मिला। ग्रॉस एनपीए घटकर 1.20% हो गया, जो पिछली तिमाही में 1.30% था। वहीं नेट एनपीए भी 0.31% से घटकर 0.25% रह गया। तिमाही आधार पर बैंक का प्रोविजन 36% घटकर 516 करोड़ रुपये रह गया, जिससे मुनाफे को सपोर्ट मिला।
बड़ी डील और एकमुश्त फायदा
बैंक की पूरी तरह स्वामित्व वाली सहायक कंपनी Kotak Mahindra Capital Company ने 24 मार्च 2026 को Infina Finance में अपनी 30.99% हिस्सेदारी 1,293.91 करोड़ रुपये में बेच दी। इस सौदे से 367.79 करोड़ रुपये का प्री-टैक्स मुनाफा हुआ, जिसे कंसोलिडेटेड रिजल्ट में एक्सेप्शनल आइटम के तौर पर दिखाया गया है। इस बिक्री के बाद Infina अब बैंक की एसोसिएट कंपनी नहीं रही।
कोटक महिंद्रा बैंक के बोर्ड ने 1 रुपये फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 0.65 रुपये डिविडेंड देने की सिफारिश की है। इसे आगामी AGM में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद लागू किया जाएगा।
Kotak Mahindra Bank का शेयर 30 अप्रैल को NSE पर 0.46% बढ़कर 383.75 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 1 महीने में स्टॉक 7.19% उछला है। हालांकि, 1 साल में इसने 12% से ज्यादा का नेगेटिव रिटर्न दिया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।